Monday, August 5, 2019

असमिया कविता : दिन-रात

कवि : अनुभव तुलसी

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

बहत्तर घंटे बीत गए, सूरज नहीं दिखा

कोई खबर नहीं, कहीं उसने अपने को छुपा तो नहीं लिया
सामने आकर भी करेगा क्या?
सुंदरियों की ढेर सारी लिपस्टिक ने
उदयास्त कालीन सूरज को 
पिछले कई सालों से बहुत तंग कर रखा है,
युवा भी भूल गए हैं कि वे सूर्यवंशी हैं
दो युवा भी जब मिलते हैं
तो नाव की तरह बहते हैं वे अलौकिक होंंठों पर
उस दिन एक ने होंठों की नदी में जल समाधि ले ली
उसके ही उद्धार के लिए सूरज शायद डूब गया है क्या?
सूरज के खो जाने के दुख में पेड़ की फुनगी झुक गई
पत्ते मुरझा गए, फूलों की हालत क्या बताएँँ।
धूप के दीवाने कठफोड़वा पक्षी ने एक दिन सूरज समझकर
सुंदरी के होंठों पर दे मारी ठोकर
और लिपस्टिक के दाम तेजी से बढ़ गए।
चींटी की तरह एक दिन दबे पाँँव अमावस की रात
जागकर आदिम प्रवृत्ति ने
सुंदरी के होंठों की लिपस्टिक पर जीभ फिराई
सौभाग्य वश वह था दर्पण में सुंदरी का प्रतिबिंबित चेहरा
रात को ज्यादा देर नहीं लगी यह भूल समझने में
और लाज से चेहरा इतना लाल हो गया कि
बहत्तर घंटे बीत गए, शायद उससे भी ज्यादा,
बासी अँँधेरे को वैक्यूम क्लीनर से साफ कर
सिंदूरी आकाश में उदय के लिए बाध्य हुआ सूरज।
पुनश्च :
चॉकलेट से भी ज्यादा लिपस्टिक को चाटने में आनंदित
भोली-भाली सुंदरियों में से किसी नीतिनिष्ठ ने 
ऊपर की बात को अक्षरशः सत्य मान लिया
जबकि यह थी बहुराष्ट्रीय कंपनियों की प्रतिभाओं का निदर्शन
हमारा विश्वास है
कि पाठक इसे कहानी मानने को तैयार नहीं होंगे।

कवि संपर्क : पटसिया, मकान नं. 25, सती जयमति नगर, बाइलेन 6, मालीगाँव, गुवाहाटी 781011 (असम)
मोबाइल : 094350 41169
ई-मेल : anutul@gmail.com

Friday, July 26, 2019

बांग्ला कविता : मृत्यु-संभावना

कवि : तथागत दत्त

बांग्ला कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

बाल तुम्हारे नहीं हैं काले
दृष्टिहीन तुम
नर्म होंठों पर मीठी मुस्कान भी नहीं
तुम्हारे शरीर की छाया को देखकर ही तुम्हें मैं
करने लगा हूँँ प्रेम...
तब भी यह बात समझा न पाया किसी भी तरह--
कि जो रोशनी कठोर हाथों से हत्या करती है छाया की
फिर वही रोशनी ही तो
जन्म देती है छाया को नित्य नियमित...
छाया है मेरी भी,
तुमने तो उसकी खोज ली ही नहीं कभी
असल में अपनी छाया को गोद नहीं लिया मैंने
और न ही त्याग कर पाया उसका किसी भी तरह
उस दिन गर्भवती रोशनी के भीतर से
अपनी छाया को निकालकर
छोड़ आया रास्ते पर
आजकल जाता हूँँ जब मैं रास्ते पर पैदल
बैठ जाती है मेरी छाया
कभी-कभी किसी के घर की दीवाल पर जाकर
फिर कभी किसी घर की पाइप के सहारे
चढ़ जाती है ऊपर
शैतान, उस दिन एक लड़की के गाल पर
चुंबन ले लौट आई
तब मैं उसकी यह लंपटता बर्दाश्त न कर पाया
भीषण अनादृत मेरी छाया, कभी भी उसका ध्यान न रखा
मैं तुम्हारा ध्यान रखता, और
मेरे जन्म के साथ ही
जिस मृत्यु-संभावना ने लिया था जन्म
मैं उसका ही लालन करता,
प्यार से उसे बड़ा करता प्रतिदिन।

कवि-संपर्क : आर-40, कामदाहरि, पूर्वपाड़ा, गरिया, कोलकाता 700084, मोबाइल : 09903852460
ई-मेल : tathagatadatta13@gmail.com

Thursday, July 11, 2019

मणिपुरी कविता : एक दिन



कवयित्री : मेमचौबी 
बांग्ला से हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

कभी किसी दिन
मेरी आँखों से आँखें मिलाई थीं
एक अंधे पुरुष ने।
उसकी शून्य काली आँखों के गह्वर में
झाँकते हुए मैं खोज रही थी उसके भीतर
क्षुद्रता, विशालता, उच्च-निम्न भाव,
सौंदर्य, कदर्यता, क्रूरता, प्रेम, उपहास, समर्पण...
और कुछ नही ंतो अंततः अहंकार!
कहाँ है, कहाँ है!
कुछ भी खोज नहीं पाई
इस बार किसी भी तरह!

खोजती हूँ फिर से मैं, गहनता से खोजती हूँ
प्रकाश को घेरे हुए अंधकार को
चंद्र, सूर्य, नक्षत्रों का प्रकाश
समस्त ब्रह्मांड को ढँक कर रखे हुए अंधकार को।

प्रकाश और अंधकार अलग हुए नहीं,
पृथ्वी के सृजन से पूर्व!
समस्त शक्तियाँ छिपी हुई हैं अंधकार के भीतर
गहन अंधकार के गह्वर में...

एक दिन
मेरे साथ मिली थीं आँखें
एक अंधे पुरुष की।

कवयित्री संपर्क : 
ई-मेल : memchoubi@gmail.com

Tuesday, July 2, 2019

मलयालम कविता : बर्बर



कवि : के. सच्चिदानंदन
अंग्रेजी से  हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

हम निश्चित थे कि वे आएँगे।

हमने एक-एक कर
उनकी मूर्तियाँ तोड़ीं, जो
संभवतः उनके खिलाफ खड़े थे।
हमने राजधानी में
उनके स्वागत के लिए प्रतीक्षा की
बच्चों के खून से भरा कटोरा लेकर।
हमने कपड़े उतार दिए, छाल पहनने के लिए,
स्मारकों में आग लगाई,
उनके आगमन हेतु 
यज्ञ की अग्नि प्रज्वलित की।
राजकीय गलियों के नाम बदले।
इस डर से कि कहीं हमारे पुस्तकालय 
उन्हें कुपित न कर दें,
हमने उन्हें धराशायी कर दिया।
केवल जीवित रहने के लिए
काले जादू के मंत्रों से उत्कीर्ण तालपत्र लेकर।

लेकिन हम यह भी नहीं जान पाए 
कि वे कब आ गए।
क्योंकि, वे सामने आए,
हमारी ही मूर्तियों को माथा लगाए
हमारे ही झंडे को सलाम करते,
हमारे ही पहनावे में,
हमारा संविधान हाथ में लिए
हमारा ही नारा उच्चारते,
हमारी बोली में बतियाते, 
पवित्रतापूर्वक स्पर्श करते हुए
राजसभा की सीढ़ियों को।

जब उन्होंने हमारे कुओं को विषाक्त करना शुरू किया,
हमारे बच्चों को अपना आहार बनाया तथा
चिंतन का आरोप लगाकर लोगों को गोलियाँ दागीं,
केवल तभी हम यह समझ पाए
कि वे हमारे साथ हैं, हम सबके बीच।
अब हम कनखियों से एक-दूसरे को देखते हैं
और विस्मय से पूछते हैं,
‘‘क्या तुम बर्बर हो? क्या तुम्हीं हो?’’

कोई उत्तर नहीं मिलता।
हम केवल फैलती हुई आग को देखते हैं,
हमारे भविष्य को धुएँ से भरते हुए
तथा हमारी भाषा को मौत की भाषा में बदलते हुए।

अब हम प्रतीक्षा करते हैं
सिटी स्क्वायर पर हमारे तारणहार की,
मानो वह कोई दूसरा है।

कवि संपर्क : 7 सी, नीति अपार्टमेंट्स, 84, आई. पी. एक्सटेंशन, दिल्ली 110092, मोबाइल: 9868232794, ई-मेल % satchida@gmail.com

Friday, June 21, 2019

बांग्ला कविता : शून्य के समक्ष स्वीकारोक्ति

कवयित्री : प्रमिता भौमिक

बांग्ला कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

आत्महत्या की एक इच्छा

ले आती है आँखों में नींद 
पहचानी विवृतियों की तरह 
अनेक स्वप्न 
आ खड़े होते हैं मस्तिष्क के समक्ष 
मैं पहचान नहीं पाती उन्हें। 

शून्य के बिल्कुल पास आकर 
निर्द्वंद्व स्वीकार करती हूँ- 
राह और गंतव्य के मध्य 
बार-बार ठहर जाता है पथ 
यत्न के साथ हटाती हूँ स्थगित आवरण 

और इस प्रकार 
मस्तिष्क के भीतर 
उलझनें बन जाती हैं कुहासा 
संभावना की जगह विश्वास 
और विश्वास की जगह प्रतिश्रुति 
क्रमागत खिसका देते हैं दूर- 
शून्य के पास आकर 
स्वीकार करती हूँ 
वह निरुपाय प्रश्नहीनता 

आत्महत्या की एक इच्छा 
मुझे लौटा लाती है दिन की रोशनी में 
मैं लिख रखती हूँ - स्नेह।

Wednesday, June 12, 2019

स्पानी कविता : घृणा लुभाती है


कवि : फ्रांसिस्को मुनोज़ सोलर
अंग्रेज़ी से अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


Wislawa Szymborska और सांप्रदायिकता से 
लड़ने वालों को समर्पित

हम धोखे में न रहें - घृणा लुभाती है
हमारे लिए यह जरूरी है
कि हम इतिहास को देखें
इसकी आगजनी के तांडव को
याद करने के लिए।
शिष्ट हत्यारे आराम नहीं करते
वे अपने घृण्य शिकार का पीछा करते हैं
वे भेद करते हैं,
बर्बर हो उठते हैं,
हत्या करते हैं।
सदैव दृढ़, स्वच्छ, विश्वसनीय
वे प्रतीकों से समुदायों को मिटाते हैं
और स्वयं के बचाव के लिए
लश्कर के साथ होते हैं
हम धोखे में न रहें - घृणा प्यारी है।
सत्य और सह अस्तित्व की माँग है
कि भाईचारा और सहानुभूति
वाग्वीर के मौन में न रहे तथा
घृणा इतिहास का पुनर्लेखन न करे।

Monday, June 3, 2019

ओड़िआ कविता : असहज व्याकरण

कवयित्री: लिपिका दास 

ओड़िआ कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

न जाने
हर पल पीछे पड़ी है
जो अपूर्णता
कैसे भाग्य में, भाग में घुल जाती है।
लौटते वक्त
बूँद-बूँद आँसुओं के स्थापत्य में
जो है शून्यता, व्यर्थता
मेरे अंदर मंदिर बन चुकी होती है।

ये भी नहीं पता
सपने कैसे
दुःस्वप्न हो जाते हैं
ऋतुएँ कैसे
विपरीत हो जाती हैं
पंछी अचानक साँप बनकर
डँस जाते हैं
तार-बाड़ के अंदर टहलता हुआ
मेरा सुकुमार मासूम विश्वास।

बादलों की अन्यमनस्कता में
शरीर से उतरते हुए
निरुत्तर शब्द
शायद हो जाते हैं
एक-एक अद्भुत गणित
या असहज व्याकरण

मुँह के बल 
घुटनों पर होती है
जब लाचार रोशनी
कैसे अँधेरा पाल रहा है
लौंड़ी नाच का महोत्सव
लेकिन इसकी आँखों में, होंठों में
हिल जाती है शाम

श्मशान के लिए शोभा-यात्रा में
मृदंग-जैसा बज रहा है
किसी के दिल में
सद्यः मरा हुआ एक अनाविल संपर्क।

कवयित्री-संपर्क: लिपिका दास, प्रफुल्ल नगर, बारिपदा, मयूरभंज (ओड़िशा)

Thursday, May 23, 2019

असमिया कविता : चिट्ठी

कवयित्री : रूमी लश्कर बोरा

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश 

तुम लिखना एक पृष्ठ
सिर्फ मेरे लिए
वेे बातें, जो पढ़कर
मैं थकती नहीं
निर्निमेष मानों देखती रहती
तुम्हारे लिखे हुए अक्षर और
उन्हें हृदयंगम कर
निद्राविहीन रात्रि
पलक झपकते गुजर जाती है ।

हृदय के आकाश को भेदकर
मानों होती है वर्षा ।
होंठों के दोनों कोनों से
फूटें, न फूटें की स्थिति में
खिलती रहे हँसी ।
डाक से भेजना
या किसी बहाने
उपहारस्वरूप मेरे लिए किताब
के बीच छुपाकर भेजना ।

मेरी कसम
तुम लिखना एक पृष्ठ
उसके कोने में लिखना
मेरे प्रिय हीरूदा और जीवनानंद की
चुनी हुई काव्य–पंक्तियाँ
और लिखना
फागुन एवं वैशाख की
मीठी शरारतों की खबरें ।
तुम्हारी चिट्ठी से
नाच उठता है मेरा मन
कैशोर्य की सिहरन जैसा ।

आज यह आउटडेटेड है तो क्या
होने दो
मेरी कसम
लिखो एक पृष्ठ, ताकि
हृदय के भीतर मैं खोज पाऊँ
तुम्हारे स्नेह के हस्ताक्षर
जो आज ढूँढ़ने से भी नहीं मिलता
टेलीफोन, मोबाइल अथवा इंटरनेट पर ।

कवयित्री संपर्क : rumi.laskar.bora@gmail.com

Monday, April 22, 2019

अंग्रेजी कविता : हम ऐसे ही हैं...


कवि : ए. जे. थामस
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

क्या होता है नेत्रहीनों के सपने में...
कैसी आकृतियाँ, कैसे रंग? 
कैसा होता है, गूंगे, बहरे और 
मूक-बधिर का सपना? 

हम कैसा अनुभव करते हैं 
किसी जलते शहर और 
किसी बखार में जलते तिलचट्टों की तरह 
राख हो गए हजारों लोगों के बारे में? 

छोटी-छोटी चिंताओं के झोंकेे में 
हम नरसंहारों को भूलते जा रहे हैं! 

हमारी चौखट पर हुई कोई मृत्यु तो कहर है 
पर हजार मील दूर, हजारों की मौत पर 
हम अपने कंधे झाड़ लेते हैं- 
खबरों को नजर अंदाज कर 
वैवाहिक, रोजगार संबंधी और वर्गीकृत विज्ञापनों 
तथा कामिक्स में उलझ जाते हैं। 

हम ऐसे ही हैं- 
एक ऐसी दुनिया में रहनेवाले 
जहाँ रोशनी आँखों को बेधती है, 
आवाज फाड़ती है कानों को, 
त्वचा को जलाता है स्पर्श और 
जीभ कट जाती है बोलते हुए 
खरा-खरा सच!

कवि संपर्क : अतिथि संपादक, "इंडियन लिटरेचर" अंग्रेजी द्वैमासिक, साहित्य अकादेमी, रवींद्र भवन, 35 फीरोजशाह मार्ग, नई दिल्ली 110001, मोबाइल : 098681 27314, Email: tomsaj@gmail.com

Thursday, April 11, 2019

बांग्ला कविता : खलासी टोला में वे तीन


कवि : सुबोध सरकार
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

जीसस क्राइस्ट
गौतम बुद्ध
कार्ल मार्क्स
तीनों ही एक लड़की के लिए थे उद्वेलित
लड़की का नाम लक्ष्मी,
लक्ष्मी जिस घर में धोती थी कपडे
आ गई है उस घर में वाशिंग मशीन
क्या होगा अब?

जीसस ने कहा :
उस लड़की को रास्ता मैं दिखाऊँगा
क्योंकि दिशाहारा को मैं देता हूँ दिशा।
गौतम बुद्ध ने कहा :
अरे रखिए अपना फंडा
लड़की खाएगी क्या, इसका ठिकाना नहीं
और आप फैखड़ा पढ़ रहे हैं।
कार्ल मार्क्स ने कहा :
गौतम सर, आपकी भाषा इतनी ख़राब कैसे?
मैं जानता हूँ, सोवियत संघ के विघटन से
लक्ष्मी की दशा और भी ख़राब होगी।
कोटि-कोटि लक्ष्मियों को
भिखारी बना देगा यह वैश्वीकरण।

खलासी टोला की देसी दारू की चुस्की लेकर बोले जीसस :
लक्ष्मी के पास यदि एक रोटी है
तो उसे अपने भाई-बहनों के साथ
मिल-बाँटकर खाना चाहिए
तब वह पाएगी की उसका पेट भर गया है।

गौतम बुद्ध ने कहा :
आप भी किसी दिन पिएँगे देसी दारू
यह तो कहीं बाइबिल में लिखा नहीं।

लेकिन ठीक ही है -
भारत लक्ष्मियों को अब और
भात-रोटी नहीं दे पाएगा।
कार्ल मार्क्स ने अपनी बात पूरी की :
आज भी मेरे भूत तक से डरते हैं
अमेरिका, रूस, अफ्रीका।
लक्ष्मी को दूसरी लक्ष्मियाँ ही खिला सकती हैं,
मैं और आप नहीं।
कोटि-कोटि लक्ष्मियाँ जब एक साथ खड़ी होंगी
तब देखिएगा, होता है क्या?

तभी गाँधी आ खड़े हुए :
अरे यह क्या, आप तीनों योद्धा
यहाँ क्या कर रहे हैं?
गौतम बुद्ध ने कहा : यहाँ लोग क्या करते हैं, छोकरे?
गाँधी ने कहा : यहाँ आकर अच्छा ही किया
पार्लियामेंट में आपलोगों को घुसने नहीं देंगे,
मुझे ही भाव नहीं देते।

आश्विन मास की सांध्य बेला के प्रकाश में
लक्ष्मी अपने बच्चे को सँभाल नहीं पा रही
उसके पेट में भारत भर की भूख है
उसकी आँखों में समूची पृथ्वी का स्वप्न,
बड़ी होकर अमर्त्य सेन बनेगी।
किन्तु बिना खाए-पिए रहकर कोई
अमर्त्य सेन बन सकता है क्या?
कार्ल मार्क्स ने सब देख-सुनकर
खलासी टोला में ही बैठकर
कम्यूनिस्ट मैनिफेस्टो में एक नई लाइन जोड़ी -
यदि लक्ष्मी को ही भात नहीं मिल पा रहा तो
सरस्वती को कौन रोटी देगा?

कवि संपर्क : डॉ. सुबोध सरकार, ए 6/6, श्रीति हाउस एस्टेट, टॉलीगंज-करुणामयी ब्रिज के निकट, कोलकाता 700 041 (पश्चिम बंगाल), मोबाइल : 9831214906, ई-मेल : subodhsarkar@gmail.com

Monday, April 1, 2019

नेपाली कविता : मेरी जीभ


कवि : मनप्रसाद सुब्बा

नेपाली कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

यह जो मेरी जीभ है न
मेरी अपनी जीभ है
इसे अपनी जीभ का आकार देने का दुस्साहस मत करो
इस जीभ की जड़ें मेरे हृदय की गहराई में हैं
जिसे तुम कभी पा नहीं सकते
हृदय की धड़कन मेरी जीभ में तरंगित हो रही है
तुम इसे कभी महसूस नहीं कर सकते।

मेरी जीभ की संवेदनशीलता में जो स्वाद सुगबुगाते हैं

उन स्वादों के अर्थ की जितनी भी व्याख्या की जाए
तुम नहीं समझ सकते
मेरी जीभ की कोशिकाओं के बीच गुन्दुक के उलझे रेशों का संजाल बसा है
अपनी प्रयोगशाला में कितनी भी कोशिशों के बावजूद
तुम उसे अलग नहीं कर सकते।

अपनी जीभ के इलिस माछ का स्वाद

तुम मेरी जीभ में बसाना चाहते हो,
लेकिन पहले
मेरी जीभ में बसे किनामा के स्वाद को तो चखो, कैसा लगता है!

मेरे गुन्दुक की तरी में

तुम चीनी घोलने का दुस्साहस मत करो!
दूर हटाओ तुम अपनी मिष्टीदोई
यहाँ मेरी माँ के द्वारा रात का बनाया हुआ दही स्वादिष्ट है

अरवा चावल को पीसकर

मेरी बहन की बनाई सेलरोटी को
चूरकर टुकड़े करनेवाले तुम कौन हो?

तुम खाओ अपना पान्ताभात

मैं अपना भुना हुआ भात खाऊँगा
मेरी जीभ में जबर्दस्ती अपना मुरिघंटो परोसने का दुस्साहस मत करो
मुझे मेरा पकुवा प्यारा है
जिसका स्वाद वनवासी राम-लक्ष्मण से पूछ लेना।

मेरी इस जीभ की जो बुनावट है न

उसकी शिल्पी मेरी माँ है
उनकी धड़कन में ही एक-एक पल उठाकर जोड़ते हैं
इस जीभ को
अपने उच्चारण की अनगिनत लचकों पर नाचने योग्य बनाया है
और मुँह के भीतर के मंच पर मेरी जीभ जैसे नाचती है
उस प्रकार और कोई नाच नहीं सकता
मेरे मुख की गुफा में यह जीभ नामक ओझा
जिस लय में मंत्र और फकड़ा बोलता है
वैसा उच्चारण कोई और नहीं कर सकता।

मैंने पहले भी कहा है

मेरी जीभ ही मेरे गाँव का मानचित्र है
इस मानचित्र को तुम उपनिवेश बनाने का दुस्साहस मत करो
इस मानचित्र का मान रखने के लिए
मैं कुछ भी करने को तैयार हूँ
हाराकिरी भी।

(रचना तिथि : 20 जून 2017)

कवि-संपर्क : मनप्रसाद सुब्बा, विजनबाड़ी, दार्जीलिङ 734201 (पश्चिम बंगाल), 
मोबाइल : 09832025465