Saturday, October 3, 2020

नेपाली कविता : नग्नता

कवि : टासी शेर्पा

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

प्रिय,
किसी दिन तुम मुझे 
नग्न देखना चाहते हो
निधड़क, निस्संकोच आ जाओ!
लेकिन प्रिय,
छलकते बुलबुले बेतरह 
बह रहे उन्माद के भाव, विध्वंसक
मन का विचलित स्खलन
इन सबको त्याग कर आना,
केवल नग्नता की स्पष्ट तस्वीर बनकर आना,
मेरी नग्नता के रोम-रोम से मुखरित होना,
अपनी संपूर्णता भूलकर आना,
हे प्रिय,
अंधकार को भी पवित्र बना देना
अमावस की रात की तरह
बिल्कुल नग्न होकर आना।

लेकिन प्रिय,
नग्न होने के लिए मन को 
सगरमाथा जैसा उच्च होना होगा,
जिसको कोई भी
संदेहास्पद इतिहास और भूगोल से
नीचे न उतार पाए
हवा के वेग की तरह सर्वत्र
अपनी ही धुन में मदमस्त रहना होगा
ताकि कोई संदेह की दीवार रोक न पाए
सिरफिरे पागल की तरह बेपरवाह होना होगा
ताकि लज्जा का कोई परिवेश
उसकी हँसी न उड़ा पाए।
हे प्रिय,
नग्नता के लिए
मन का मन सिद्धार्थ का नहीं
बुद्ध का होना होगा
जहाँ नग्नता के साथ नग्नता
बेफिक्र एकाकार हो सके
निष्कलंक पिघलकर एकाकार होते हुए
स्थायी तौर पर समाहित हो सके।

कभी-कभी
मन बहुत चतुर होता है
जो जैसा देखता है
उसके उलट बयान करता है
इसलिए प्रिय,
किसी की नग्नता निहारने के लिए
खुद भी नग्न होना पड़ता है
एक-एक बूँद का रोमांच अर्जित करना
जलप्रपात का प्रहार सहते-सहते
जैसे झरने के साथ के पत्थर
नग्न ही पल रहे होते हैं
जैसे तुम्हारे मन के मुहाने से
पल-प्रतिपल
चू रही इच्छाओं की लार नंगी है
जैसे तुम्हारे हरेक श्वास-प्रश्वास से
आती-जाती हवा के कण-कण की 
गुणवत्ता नंगी है
जैसे तुम्हें नजर आ रही
आँख की पुतली के भीतर से
बिजली से भी तेज दौड़ती 
दृष्टि के प्रवाह में बह रही
एक-एक किरण का अंतरंग नग्न है।
जैसे निष्फल समर्पण में
भाग्य द्वारा कुचली हुई
कितने ही युगों की देकर बलि
निरीह जीवित बची 
हमारी कहानियाँ नग्न हैं।

कवि-संपर्क : 29/2  (उत्तर) तृतीय तल, इंदिरा विकास कॉलोनी, दिल्ली 110009, मोबाइल : 088605 36046
ईमेल : tashitshering567@gmail.com