Sunday, August 9, 2020

मैथिली कविता : मौन


कवि : अजित आजाद


मैथिली कविता-पाठ

 

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


स्मृति में संजोई

लाल गुलाब की एक भी पंखुड़ी

मुरझाई नहीं है आज भी

गिरी थी जो देह पर मेरी

गणतंत्र दिवस की परेड देखते समय


जन-समुद्र के उल्लास पर हुई

पुष्प-वर्षा का वह दृश्य

दोहराया जाता देखता हूँ टीवी पर प्रत्येक वर्ष

राजपथ को मानता आया हूँ संपूर्ण देश का प्रतिरूप

आत्मा का प्रवेश-द्वार है इंडिया गेट


आज फिर बरसाया गया  फूल

विपत्ति में है जब सारी देश-दुनिया

पुष्प-वर्षा में व्यस्त हैं हेलीकॉप्टर

स्वयं को धन्य महसूस कर रहे नर्स-डॉक्टर

धन्य हो गए हैं अस्पताल

धन्य हो गया है समस्त देश का भाल

कुछ ही दिन पहले थाली का भात उझल कर

पीटी गई थी थाली

फूँके गए थे शंख इन सबके लिए ही

नतशिर है पूरा देश आज भी

लेकिन उन सबकी गाँठ में आया क्या

जिन लोगों ने भात उझल कर त्यागे प्राण

जो लोग मर गए हजार कोस की यात्रा में

जो मर गईं प्रसव-पीड़ा से

जो मर गए रेल की पटरी पर

जो मर गए इलाज के बिना

जो मर गए दूध-दूध चिल्लाते

मरी हुई माँ की छाती चिंचोरते

इन सबके हिस्से में क्या आया आखिर

जो सब मर गए अपने ग्रामीणों के आतंक से

थाली, शंख, फूल या फिर अपमान

किनके होंठों पर है इनका यशोगान

कैसे करूँ गुमान मैं

स्मृति में संजोई गुलाब की उस एक पंखुड़ी पर

जबकि एक मिनट का मौन भी नहीं रख सका यह देश


धन्य है जार्ज फ्लॉयड

कराहते हुए मर गया वह

ऐसे ही मरते हैं हमारे देश के भी असंख्य नागरिक

लेकिन आठ मिनट छियालीस सेकेंड की

उस मर्मान्तक पीड़ा को आज

संपूर्ण अमरीका जी रहा है मौन में

यहाँ लेकिन जोते जाने के लिए तैयार हैं हम सब

चुनावी दवनी में!


कवि-संपर्क : नवारंभ, वार्ड नं 2, निकट रामजानकी मंदिर मधुबनी, बिहार 847211

मोबाइल : 9304349384, 

ईमेल : lekhakajitazad@gmail.com