Saturday, February 13, 2021

असमिया कविता : मैं अपने शवों को लेकर भाग गया


कवि : नीलिम कुमार

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


जरूरी काम से अपनी काली गाड़ी लेकर निकला।

शहर से निकलते ही मेरी गाड़ी की तीव्र स्पीड।

हठात् मेरी गाड़ी के सामने आ गया

एक आदमी। उसके ऊपर से मेरी गाड़ी

पार हो गई और तड़पते हुए उसने

मेरी गाड़ी के पीछे मृत्यु को गले लगा लिया।

किसी तरह मैंने उसे बाँहों में उठाकर

डाल दिया गाड़ी की पिछली सीट पर, और

देखा कि वह आदमी तो मैं ही हूँ!

इसलिए मुझे जरा-सा भी डर नहीं लगा

यह सोचकर कि पुलिस के झमेले में नहीं पड़ूँगा।

और अपना शव लेकर

मैं भाग लिया तेज गति में।


राष्ट्रीय पथ पर धूल नहीं थी

राष्ट्रीय पथ भी था मेरी गाड़ी की तरह

काला।

हवा को चीरती हुई मेरी गाड़ी

बस दौड़ती जा रही थी द्रुत गति में

इसी बीच यह क्या!

फिर से मेरी गाड़ी के आगे आकर

एक आदमी गाड़ी के धक्के से

उछलकर दूर जा गिरा और उसी क्षण

मर गया।

मैंने इधर-उधर देखा

निर्जनता थी चारों तरफ

जीवन में पहली बार यह अनुभव किया

कि निर्जनता कितनी उपकारी है। 

और शव को खींचते हुए लाया

अपनी गाड़ी की पिछली सीट पर--जिस पर

मेरा शव पहले से ही था, उसके साथ ही

लिटाते समय देखा कि इसके आँख, मुँह, बाल

हाथ, पैर, नाखून तो मेरे ही हैं।


अब मैं अपने दोनों ही शव लेकर

भाग आया हूँ, अपने शहर से बहुत दूर।

मैं नहीं जानता

और कितने शव हैं मेरे!

इसलिए अब गाड़ी की स्पीड; पहले से भी ज्यादा

गाड़ी के पहिए से गिर पड़ा था सूरज

मेरी गाड़ी जानती है सिर्फ दौड़ना

और दौड़ने के लिए धक्का दे सकती है

उसी आदमी को, जो केवल मेरा शव है

और जिसको लेकर मैं भाग जा सकता हूँ...


इसी तरह अपने शवों को लेकर

मैं भाग गया, ताकि

कोई भी मेरे शवों की अंत्येष्टि क्रिया

कर न सके।


कवि-संपर्क : Manasa Tower, Flat no. 5-D, G.N.B Road, SILPUKHURI, GUWAHATI 781003

ईमेल : nilimkumar43@gmail.com