अंग्रेजी से अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश
ओ कवि, मैं तुम्हारा अकेला पाठक हूँ,
जो प्रतिदिन तुम्हारे दरवाजे पर खड़ा होता है
तुम्हारी प्रतीक्षा में
कि तुम एक कोमल कविता के साथ आओगे मेरे पास,
जो मेरे भोग से खंडित नहीं हो।
एक उदार कविता,
जिसका तब तक अंत
ना हो,
जब तक कि मैं उसे
गरीबों, अनाथों और विधवाओं में बाँट न दूँ।
एक सूर्य सरीखी कविता,
जिस पर मौसम के कालिमायुक्त होने अथवा रात घिर आने का कोई असर न हो।
एक नृत्यरत कविता,
जो मेरे साथ नृत्य-वृत्त में जाने से हिचकिचाए नहीं।
एक समृद्ध कविता,
ताकि हम तुरंत बाहर न हो जाएँ,
एक हजार चुंबनों और एक चुंबन की प्रतियोगिता से।
एक साहसी कविता,
जो जंगल में हमारे एक साथ नंगे घूमने में घबराए नहीं।
मैं तुम्हारा अकेला पाठक हूँ, कवि।
मैं तुम्हारे दरवाजे पर प्रत्येक सुबह खड़ा होता हूँ
तुम्हारी प्रतीक्षा में
कि तुम मेरे पास एक प्रतिष्ठित कविता ले आओ,
जिसके साथ गली में टहलते हुए मैं घबराऊँ नहीं।
मानों मैं सोफिया लॉरेन के साथ टहल रहा हूँ
जबकि उसकी टाँगें जवान थीं।
पेपिरस में लिपटी हुई कविता
अपनी मौलिकता और प्राचीनता को साबित करती हुई।
फिर भी, मुझे बुरा नहीं लगेगा, ओ कवि!
यदि तुम इसके साथ मुझे
अच्छी और पुरानी शराब की एक बोतल दे दो।
