Saturday, December 19, 2020

ओड़िआ कविता : देश


कवि : जयद्रथ सुना


 ओड़िआ कविता पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

देश का मतलब क्या है, ठीक से
समझ नहीं पाता
मितकानी गाँव का नरेन।

देश का मतलब है एक थाली भात
एक गिलास पानी या फिर एक प्लेट चटनी।

नहीं, नहीं, देश का मतलब है एक डोजर मशीन
जो एक आदेश से निगल सकती है जंगल, नदी और झरने को।

पार्क-पार्क घूमते हुए कुछ सरल मनुष्यों को
पीटनेवाली लाठी भी देश हो सकती है

गौमाता की रक्षा के बहाने कुछ माँओं को नग्न कर
उनकी इज्जत को नीलाम करनेवाला
अविवेकी हो सकता है देश।

नहीं, नहीं, देश का मतलब, एक स्वच्छ सड़क
आधा पैकेट मेघना बीड़ी, एक दियासलाई
जो एक आदेश से जला सकती है जंगल, घर, पृथ्वी।

तू जा, निकल यहाँ से, भाग, फूट
देश के विषय में कुछ भी मत जान, देश के साथ मत उलझ।

देश अगर चाहे तो बाल उम्र के सूर्यों को भी
अपने कंधों के झूले पर झूला सकता है
समय आने पर अपनी जय-जयकार भी करा सकता है।

उसके बाद तुम शायद बन सकते हो
एक सच्चे देशभक्त
जो एक शब्द भी सुन नहीं सकता है देश के विरुद्ध।

देखो भक्तो!
कल तक जिसको देश क्या है, मालूम नहीं था
आज उसको ही देश बोला जा रहा है
हे भक्तो, नजर कहाँ है तुम्हारी
ताली बजाओ, हुलहुली उचारो,
कविता खत्म होने जा रही है।

कवि संपर्क : At-Banjipadar, P.O. Regeda, 

P.S. M. Rampur, Dist. Kalahandi, Odisha 766102, 

मोबाइल : 09110769266