Thursday, November 24, 2022

बांग्ला कविता : पूर्णिमा की रात

                                                                कवि : अमीनुर रहमान



बांग्ला कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


मैं रेगिस्तान से प्यार ले आया

ले आया समंदर से

पहाड़ों से प्यार लेकर आया

मैं अपना भी प्यार ले आया


किस पते पर भेजूँ मैं!

चाँद, स्वप्न, निरंतर समय, कहाँ!

किधर है ठिकाना तुम्हारा!

उत्तर, दक्षिण, पूरब, पश्चिम, कहाँ!


यह बहुत ही ज्यादा भारी है 

संगीत के साथ मिलकर यह और भारी हो गया है

स्मृतियों से जुड़कर यह और भारी हो गया

कामनाओं, वासनाओं के साथ यह और भारी हो गया

किस पते पर भेजूँ मैं!


मैंने तुम्हारा ठिकाना विस्तीर्ण हरियाली से पूछा!

मैंने तुम्हारा ठिकाना सफेद बर्फ से पूछा!

मैंने तुम्हारा ठिकाना जलप्रपात से पूछा!

कोई तुम्हारा पता नहीं जानता!


मैंने सारा प्यार आकाश में रखा 

टिमटिमाते सितारों के बीच

ठीक चाँद की बगल में!


पूर्णिमा की रात तुम उसे वहाँ देख सकते हो!

जब तुम नदी का संगीत सुन सको 

जब तुम गुलाब की सुगंध ले सको 

जब तुम चेहरे पर हवा का स्पर्श महसूस कर सको

पूर्णिमा की रात तुम उसे अपने साथ ले जा सकते हो!


संपर्क : aminur05@hotmail.com