Sunday, May 31, 2020

बांग्ला कविता : दुख तो सोया रहता है

कवि : पवित्र मुखोपाध्याय

हिंदी अनुवाद :  देवेंद्र कुमार देवेश

दुख तो सोया रहता है समुद्री शंख की भाँति
जलीय पौधों के साथ बहते
कंकड़-पत्थरों के स्निग्ध
          चिकने तकिए पर सर रखकर
हम इंसान सोचते हैं, जगाने की क्या जरूरत
वह सोया रहे, उसे न जगाकर
फिलहाल निकल चलते हैं बगल से
सारा जीवन सुख, उज्ज्वलतर दिन-रात
         दूषित होने का उत्पीड़न
रहेगा नहीं कहीं भी, चलते हैं सीधी राह
         आनंद की पाल ताने,
ज्वार-भाटे से नदी में उथल-पुथल होने पर भी
         आओ, चलेगा कौन-कौन,
उस पार के उद्दिष्ट लक्ष्य के लिए,
लहरों को चीरकर, नदी के ऊपर से।

जाने कौन तोड़ता है उसकी नींद,
शंख बज उठता है, और ऊपर के तल पर
नाच उठती है लहर, उमड़ पड़ती है
जल में शुरू होता है उपद्रव, 
हमारे उजले दिन सभी टूटकर होते हैं एकाकार।
वह कोई अदृश्य महाघातक, आ जाता है ऊपर
अस्थिर जल के तलक्षेत्र से, सबकुछ कर देता है दूर
         विपर्यस्त दिवा-रात्रि, शंख का निनाद
चलता रहता है अविराम।
हम सब तभी पाते हैं अनाघ्रात मृत्यु का
                                  आस्वाद।

कवि-संपर्क : 22 बी, प्रतापादित्य रोड, कोलकाता 700026, दूरभाष : 033 24647195, मोबाइल : 09830639226

Thursday, May 28, 2020

कन्नड कविता : तुम्हारा तट

कवि : एच. एस. शिवप्रकाश
अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


कोलंबियाई कवयित्री
Annabell Manjarres Fryele के लिए

यदि मैं पहुँचूँ तुम्हारे तट पर
किसी दिन
मैं लाऊँगा तुम्हारे लिए
अपनी धरती की एक मुट्ठी मिट्टी
घास की कुछ पत्तियाँ
हमारी नदी से एक बूँद पानी
और हमारे सूरज की किरण
जो मुझे तुम तक पहुँचाएँगे
हवा और जल के माध्यम से

यदि मैं पहुँचूँ तुम्हारे तट पर
किसी रात
मैं लाऊँगा अपना संगी सितारा
जो करता है आलोकित
मेरी नींद और सपनों को
तथा चाँद का वह अर्ध भाग
जिस पर मैं करता हूँ सवारी और तिरता हूँ
धरती पर तथा आकाश में
खोजते हुए तुम्हें
और तुम्हारे तट को

यदि मैं पहुँचता हूँ
दिन में या फिर रात में
सपने में अथवा जगे हुए
मैं लाऊँगा हमारे सिंहासनच्युत देवताओं
तथा उनकी देवियों को
जो अवतरित होने की प्रतीक्षा में हैं
तुम्हारे तट पर
मनुष्य देह धारण कर

यदि मैं भूल भी जाऊँ
अपनी धरती आदि को
मैं निश्चित रूप से लेकर आऊँगा
यह अधूरी कविता
ताकि तुम इसे पूरी कर सको

मैं एक पिता हूँ
और तुम, एक बेटी
मैं एक यात्रा हूँ
और तुम, एक किनारा। 

कवि-संपर्क : 34, मुनिरका विहार, नई दिल्ली 110067
ईमेल : shivaprakash1954@hotmail.com

Monday, May 18, 2020

असमिया कविता : वकुल वकुल

कवि : राजीव बरुआ

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

आज भी ऐसा लगता है, जैसे अभी-अभी छोड़कर आया हूँ
यहीं कहीं पर आपका वकुल... 
उर्वर मिट्टी में खिला प्रथम पुष्प 
वकुल वकुल देह का भूगोल

वही दृष्टि, जो विस्मृति की द्रुत गति में भी है स्थिर, ध्रुव
उसकी झिलमिलाहट मैं आज भी
स्वर्णकार की कसौटी पर परखता हूँ
कल्पना के पंख पहनकर
करता हूँ अर्थ-अनर्थ का विनिर्माण

क्या था वह...प्रश्न या प्रश्नातीत, अथवा
जोड़ा मैना के रूप में
असमय प्राप्त शुभ संवाद
कक्षा में हाथ फैलाकर पाया जिसे
शिक्षक द्वारा कान ऐंठकर समझाया हुआ
लिलियन का यही यथार्थ

तथापि, आज भी सोचना अच्छा लगता है
गालों में पड़नेवाले डिंपल के बारे में
असीम ने क्यों प्यार किया संपूर्ण स्त्री को? 

अभी-अभी छोड़कर आया हूँ, यदि लगता है ऐसा
कभी कहीं आपका वकुल
उसी जगह फिर से जा सकता हूँ
पुराने रूपक के पुल से उतरकर, यद्यपि छू नहीं सकता
बहती हुई नदी का वही पानी
नदी-किनारे पेड़ों के नए पत्तों में
छोड़कर आ सकता हूँ
अपने हृदय का कंपन
जिसे नचाना हवा को अच्छा लगता है...

अब भी सपनों में देखती हो क्या लिलियन? 
मोटे फ्रेम के चश्मे की फाँक से आया वही प्रश्नवाण... 
तुम्हारे बगीचे में खिले हुए प्रथम पुष्प का नाम क्या वकुल है...?

कवि संपर्क : मकान संख्या : 30, प्रत्यय निलय, जर्नलिस्ट कालोनी, जनकपुर, काहिलीपाड़ा, गुवाहाटी 781019, असम, 
मोबाइल : 094017 26408, 
ईमेल : rajeevbarua63@gmail.com

Saturday, May 16, 2020

मैथिली कविता : किताब

कवि : तारानंद वियोगी


मैथिली कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

किताब, तुम पड़े रहने रहना ऐसे ही
अलमारी से झाँकते।

ऐसे ही टकटकी लगाकर देखते रहना मेरी तरफ
ऐसे ही चीरते रहना मेरा शून्य
फाड़ते रहना ऐसे ही मेरा एकांत।

किताब, तुम मेरा अतीत हो
तुम्हीं मेरा भविष्य
तुम्हीं मेरा वर्तमान होओगी किताब,
दिन ढलते-ढलते।

बह रहा पसीना
तीव्रतर हो रही मेरी साँसों की भाथी
चूर-चूर हो रहा शरीर मेहनत से
रोटी के लिए, घर के लिए, तन के वस्त्र के लिए
खटता रहता हूँ सारा सारा दिन।

उधर,
हाहाकार मचा रखा है दोगले शिकारियों ने
घरमुत्ते सब पा रहे हैं महामहावीर चक्र
देखो किताब, कलम खोजे नहीं मिल रही
खोल में बंद होता जा रहा है चश्मा
दोगलों के मूत्र में गलता जा रहा कागज।

ऐसे में आह!
कहाँ, कैसे रहोगी?
कौन तुम्हें बचाएगा, किताब!

रुको, लौटकर आ रहा हूँ दिन ढलते-ढलते
तुम्हीं मेरा अतीत हो,
तुम्हीं मेरा भविष्य!

कवि संपर्क : शांतिनिकेतन, डा. सी पी ठाकुर पथ, शिवपुरी, पटना 800023, बिहार, मोबाइल : 094314 13125, ईमेल : tara.viyogi@gmail.com

Thursday, May 14, 2020

अंग्रेज़ी कविता : प्रेम-गंध




कवि : होशांग मर्चेंट
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश 

बारिश हो रही है, हल्की बारिश
सारी दुनिया में एक ऐसी बारिश 
जो उतनी ही कोमल है, जितना कठिन
किसी प्यार का अस्तित्व, स्वीकार अथवा प्रतिदान 
क्योंकि पुरुष लालची होते हैं : वे काटते और नोचते हैं

तुम पहाड़ों की निवासी, मैं मैदानी इलाके का
मैं एक शहरी और तुम जंगल की वासी
मैं एक शिकारी और तुम एक हिरण
शहर आज मेरे प्रिय की गंध से सुवासित है

कस्तूरी बारिश में घुल जाती है
इसकी गंध फैल जाती है
आज सुबह सोते हुए तुम्हें ही सपने में देखा
मुझे शिकारी होना था,
लेकिन मैं एक निष्क्रिय हिरण हूँ

खतरा भाँपकर तुम करती होे प्रतीक्षा
और मैं संग तुम्हारे महसूस करता हूँ खतरे को
क्यों यह दुनिया जहर के लिए इतनी पागल है?
मुझे उस जीवित प्राणी पर अचरज है
जो किसी दूसरे जीव को खा जाता है!

और अचानक वह घायल हिरणी तुम्हारे लिए मर जाती है
तुम्हारे सामने मरने के लिए
वह स्वयं को तुम तक घसीट लाई है
हे हिरण
क्या वह पूरी रात निष्क्रिय नहीं रही
जब तुमने उसे बिस्तर पर मारा
बस वैसे ही आज रात मैं तुम्हें मारना चाहता हूँ?

क्या हमारा जुनून केवल दुख ही नहीं लाता
और क्या हम सब रोज ही थोड़ा-थोड़ा नहीं मरते
हमारी लालसाओं को पूरा करते हुए?
खेलो, जाओ खेलो,
यद्यपि तुम्हारी गंध मुझे जंगली बनाती है
और मैं खुद एक जंगली चीज के लिए
अपने प्यार में जंगली हो गया हूँ

मार दो अथवा मारे जाओ
तुम्हारे हाथों से खून कभी धुल नहीं पाएगा
दर्द, प्यार का दर्द हर जगह है
और इस कस्तूरी की गंध को
बारिश भी खत्म नहीं कर सकती।

कवि संपर्क : hoshangmerchant@gmail.com

Monday, May 4, 2020

बांग्ला कविता : विवेक

कवि :  दीपंकर गोस्वामी

बांग्ला कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

विवेक का नाम लिखते समय
टूट गई अध्यापक की कलम
विवेक की फोटो खींचते
फूट गया कैमरा
यह देखकर ऐसे भाग खड़े हुए चित्रकार
कि उनकी तूलिका भी कोई खोज ना पाया।
इधर विवेक का पिता 'मस्तिष्क' रो रहा है,
विवेक की माँ 'हृदय' रो रही है,
उनका आर्तनाद--
"खोई हुई संतान 'विवेक' को ढूँढ़ लाओ।"
मनोविद् फ्रायड के चिंतन में लीन हैं
समाजसेवी कर रहे हैं सभाएँ,
चिकित्सक खोज रहे हैं समाज की नाड़ी,
जल, थल, अंतरिक्ष में बज रहा है सायरन!
कवि क्या छुपा लेंगे अपनी सद्यःजात कविता,
जिसका नाम है 'विवेक'?
इसे लेकर संदेह किंतु बढ़ रहा है,
सबकी है इस पर नजर!

कवि संपर्क : फ्लैट सं. 1 बी, प्रथम तल, सिल्वर हाइट्स, 726, दक्षिणदाड़ी रोड, श्रीभूमि, लेकटाउन, कोलकाता 700048,
पश्चिम बंगाल, मोबाइल : 09874614336, 
ई-मेल : dipankarkgoswami@gmail.com