Thursday, May 14, 2020

अंग्रेज़ी कविता : प्रेम-गंध




कवि : होशांग मर्चेंट
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश 

बारिश हो रही है, हल्की बारिश
सारी दुनिया में एक ऐसी बारिश 
जो उतनी ही कोमल है, जितना कठिन
किसी प्यार का अस्तित्व, स्वीकार अथवा प्रतिदान 
क्योंकि पुरुष लालची होते हैं : वे काटते और नोचते हैं

तुम पहाड़ों की निवासी, मैं मैदानी इलाके का
मैं एक शहरी और तुम जंगल की वासी
मैं एक शिकारी और तुम एक हिरण
शहर आज मेरे प्रिय की गंध से सुवासित है

कस्तूरी बारिश में घुल जाती है
इसकी गंध फैल जाती है
आज सुबह सोते हुए तुम्हें ही सपने में देखा
मुझे शिकारी होना था,
लेकिन मैं एक निष्क्रिय हिरण हूँ

खतरा भाँपकर तुम करती होे प्रतीक्षा
और मैं संग तुम्हारे महसूस करता हूँ खतरे को
क्यों यह दुनिया जहर के लिए इतनी पागल है?
मुझे उस जीवित प्राणी पर अचरज है
जो किसी दूसरे जीव को खा जाता है!

और अचानक वह घायल हिरणी तुम्हारे लिए मर जाती है
तुम्हारे सामने मरने के लिए
वह स्वयं को तुम तक घसीट लाई है
हे हिरण
क्या वह पूरी रात निष्क्रिय नहीं रही
जब तुमने उसे बिस्तर पर मारा
बस वैसे ही आज रात मैं तुम्हें मारना चाहता हूँ?

क्या हमारा जुनून केवल दुख ही नहीं लाता
और क्या हम सब रोज ही थोड़ा-थोड़ा नहीं मरते
हमारी लालसाओं को पूरा करते हुए?
खेलो, जाओ खेलो,
यद्यपि तुम्हारी गंध मुझे जंगली बनाती है
और मैं खुद एक जंगली चीज के लिए
अपने प्यार में जंगली हो गया हूँ

मार दो अथवा मारे जाओ
तुम्हारे हाथों से खून कभी धुल नहीं पाएगा
दर्द, प्यार का दर्द हर जगह है
और इस कस्तूरी की गंध को
बारिश भी खत्म नहीं कर सकती।

कवि संपर्क : hoshangmerchant@gmail.com

No comments:

Post a Comment