Thursday, May 28, 2020

कन्नड कविता : तुम्हारा तट

कवि : एच. एस. शिवप्रकाश
अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


कोलंबियाई कवयित्री
Annabell Manjarres Fryele के लिए

यदि मैं पहुँचूँ तुम्हारे तट पर
किसी दिन
मैं लाऊँगा तुम्हारे लिए
अपनी धरती की एक मुट्ठी मिट्टी
घास की कुछ पत्तियाँ
हमारी नदी से एक बूँद पानी
और हमारे सूरज की किरण
जो मुझे तुम तक पहुँचाएँगे
हवा और जल के माध्यम से

यदि मैं पहुँचूँ तुम्हारे तट पर
किसी रात
मैं लाऊँगा अपना संगी सितारा
जो करता है आलोकित
मेरी नींद और सपनों को
तथा चाँद का वह अर्ध भाग
जिस पर मैं करता हूँ सवारी और तिरता हूँ
धरती पर तथा आकाश में
खोजते हुए तुम्हें
और तुम्हारे तट को

यदि मैं पहुँचता हूँ
दिन में या फिर रात में
सपने में अथवा जगे हुए
मैं लाऊँगा हमारे सिंहासनच्युत देवताओं
तथा उनकी देवियों को
जो अवतरित होने की प्रतीक्षा में हैं
तुम्हारे तट पर
मनुष्य देह धारण कर

यदि मैं भूल भी जाऊँ
अपनी धरती आदि को
मैं निश्चित रूप से लेकर आऊँगा
यह अधूरी कविता
ताकि तुम इसे पूरी कर सको

मैं एक पिता हूँ
और तुम, एक बेटी
मैं एक यात्रा हूँ
और तुम, एक किनारा। 

कवि-संपर्क : 34, मुनिरका विहार, नई दिल्ली 110067
ईमेल : shivaprakash1954@hotmail.com

2 comments: