Monday, June 9, 2025

बोडो कविता : आग का बीज


कवयित्री : अंजलि बसुमतारी 'अंजु'  


हिंदी अनुवाद : देवेंद्र  कुमार देवेश

यह बीज मैं कहाँ से   

और किससे ले आई थी 

मत पूछो  मुझसे 


बहुत दिनों से नींद में था

सुप्त ज्वालामुखी बनकर सीने में था

अब चारों ओर फैला है

आग का बीज;


इसलिए हर तरफ आग ही आग 

दहकती हुई, हरे-भरे  मैदान में 

हर तरफ जलता हुआ अंगार 

और हृदय की  चीत्कार 

हमे समानता का अधिकार चाहिए 


जैसे पलक झपकते ही  

फैलती है आग 

विरोध की चीख; पहाड़ों से टकराकर 

चारों ओर गूँजती है 

मानो घाटी में विलाप करते हुए 

पागल हवा बहती है


समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता

लो, मेरी गर्दन पर घुटने रखकर तो देखो

राजपथ पर निकलेगी जुलूस की कतार 


और तो और 

बड़ी कंपनीवालों या सरकारी तंत्र की 

शोषण और दमन की नीतियों  के खिलाफ  

कभी भी सुलग सकता है 

यह आग का बीज 


"आग से मत खेला करो तुम !"

आई हमें बार-बार सचेत करती थी

चूल्हे की जलती लकड़ी पर  

पाँव पड़ने पर 

टोकती और कहती थी - "नमन करो, उसका भी मालिक है"


बाबा हमेशा हमें  सतर्क करते थे 

यह कहते हुए कि 

"एक छोटी-सी चिंगारी पूरे जंगल को जलाकर खाक कर सकती है 

इसलिए ….. होशियार!"


मैंने कभी नहीं खेला आग से

जब छोटी थी, तब की बात अलग थी

सर्दी के मौसम में अलाव के पास बैठकर 

धुएँ से खेला करती ;


मैंने कभी नहीं खेला आग से

लेकिन  सँभालकर रखा इसका बीज  

कब जरूरत पड़े अधर्म को जलाने, 

नाश करने बाहर या अंदर के दानव का 


कभी-कभी मेरा भी मन करता है 

नाचती अग्निशिखा बनकर लयलास भंगिमा में 

और कभी लाल आँख दिखाकर

भरते हुए  हुंकार, करते हुए  तहस-नहस 

प्यासी जीभ से चाटकर 

राख बनाती सबको


कौन चाहता है

आग का बीज?


ईमेल :