Sunday, September 19, 2021

ओड़िआ कविता : अंधकार का चेहरा

 

कवि : संग्राम जेना



ओड़िआ कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


अंधकार बोलकर कुछ है क्या?

ना, प्रकाश की अनुपस्थिति को ही

हम अंधकार कहते हैं।


जैसे तुम कब रहते हो

और कब नहीं रहते

तुम्हारे न रहने के समय रहती है 

तुम्हारे शरीर की गंध

तुम्हारे होंठ और हाथों की छाप

अहरह तुम्हारी पगध्वनि

और दीवार पर तुम्हारी छाया।


अंधकार भी ऐसे ही

प्रकाश के भीतर रहता है

जैसे बादलों में बिजली

मन के भीतर स्मृति

शरीर के भीतर कामना

आँखों में स्वप्न

और होंठों के मध्य हँसी।


इसीलिए दिन भी

कभी-कभी रात-सा लगता है 

निर्जन, निस्संग, निभृत

इतनी भीड़ में भी

खो जाने का भय रहता है

आसपास देखने पर

कुछ भी नहीं दिखता, पहचाना नहीं जाता।


सभी चेहरे धुँधले हैं

कुहासे से ढँके पहाड़ की भाँति

शरीर के साथ रहते हैं केवल

कुछ उष्ण नि:श्वास

जैसे कोई बिलकुल पास में है

वह और कोई नहीं

अंधकार का अस्पष्ट चेहरा

मेरी कल्पित कविता की अंतिम पंक्ति की तरह।


कवि-संपर्क : Flat no. B1-10, Srikhetra Residency, Patrapada, P.O. Aiginia, Bhubaneswar 751015

मोबाइल : 9437886970

Monday, September 13, 2021

बांग्ला कविता : अराजनीतिक

 


कवि : पंकज साहा

बांग्ला से अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश 


गहरी निद्रा के बाद जागकर

राह चलते देखता हूँ

सब कुछ मानो कितना अनजाना!


एक व्यक्ति के साथ मुलाकात हुई,

मैं क्या उसे पहचानता हूँ?

उसका नाम पूछा, 

उसने अपना नाम मनुष्य बताया,

वह क्या मुझे पहचानता है?

उसने कहा कि मैं उसका परिचित हूँ,

जानता है वह मेरा नाम--मनुष्य। 


जिस रास्ते पर मैं चल रहा था 

कुछ पल बाद एक राहगीर से 

पूछा मैंने उस रास्ते का नाम,

उसने कहा--मनुष्य पथ।

अपनी दाहिनी तरफ के घर के 

दरवाजे पर जाकर जानना चाहा 

किसका है यह घर?

उत्तर मिला--मनुष्य का घर।

और दूसरी तरफ का घर?

वह भी मनुष्य का ही है।

पास ही एक विश्वविद्यालय का खुला द्वार,

लिखा था--मानवता विश्वविद्यालय। 

लड़के-लड़कियाँ भीतर-बाहर जा-आ रहे थे,

मैंने उनमें से कइयों का

नाम पूछा,

उन सबने कहा

उनका नाम--प्यार।

मेरे पैरों के नीचे की मिट्टी

काँपने लगी।

मेरे हृदय की धड़़कन

तीव्र से तीव्रतर होने लगी।

मैं कितने दिन सोया रहा

कितने मास, कितने वर्ष,

अथवा युग-युगों तक!


मैंने प्रहरीविहीन कुलपति के दफ्तर में घुसकर

उनसे एक ही सवाल पूछा,

कैसे हो गया ऐसा?

जवाब मिला--

कारण एक ही है,

दुनिया में राजनीति नहीं रही अब।


कवि-संपर्क : 

मोबाइल : 9903970077

Saturday, February 13, 2021

असमिया कविता : मैं अपने शवों को लेकर भाग गया


कवि : नीलिम कुमार

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


जरूरी काम से अपनी काली गाड़ी लेकर निकला।

शहर से निकलते ही मेरी गाड़ी की तीव्र स्पीड।

हठात् मेरी गाड़ी के सामने आ गया

एक आदमी। उसके ऊपर से मेरी गाड़ी

पार हो गई और तड़पते हुए उसने

मेरी गाड़ी के पीछे मृत्यु को गले लगा लिया।

किसी तरह मैंने उसे बाँहों में उठाकर

डाल दिया गाड़ी की पिछली सीट पर, और

देखा कि वह आदमी तो मैं ही हूँ!

इसलिए मुझे जरा-सा भी डर नहीं लगा

यह सोचकर कि पुलिस के झमेले में नहीं पड़ूँगा।

और अपना शव लेकर

मैं भाग लिया तेज गति में।


राष्ट्रीय पथ पर धूल नहीं थी

राष्ट्रीय पथ भी था मेरी गाड़ी की तरह

काला।

हवा को चीरती हुई मेरी गाड़ी

बस दौड़ती जा रही थी द्रुत गति में

इसी बीच यह क्या!

फिर से मेरी गाड़ी के आगे आकर

एक आदमी गाड़ी के धक्के से

उछलकर दूर जा गिरा और उसी क्षण

मर गया।

मैंने इधर-उधर देखा

निर्जनता थी चारों तरफ

जीवन में पहली बार यह अनुभव किया

कि निर्जनता कितनी उपकारी है। 

और शव को खींचते हुए लाया

अपनी गाड़ी की पिछली सीट पर--जिस पर

मेरा शव पहले से ही था, उसके साथ ही

लिटाते समय देखा कि इसके आँख, मुँह, बाल

हाथ, पैर, नाखून तो मेरे ही हैं।


अब मैं अपने दोनों ही शव लेकर

भाग आया हूँ, अपने शहर से बहुत दूर।

मैं नहीं जानता

और कितने शव हैं मेरे!

इसलिए अब गाड़ी की स्पीड; पहले से भी ज्यादा

गाड़ी के पहिए से गिर पड़ा था सूरज

मेरी गाड़ी जानती है सिर्फ दौड़ना

और दौड़ने के लिए धक्का दे सकती है

उसी आदमी को, जो केवल मेरा शव है

और जिसको लेकर मैं भाग जा सकता हूँ...


इसी तरह अपने शवों को लेकर

मैं भाग गया, ताकि

कोई भी मेरे शवों की अंत्येष्टि क्रिया

कर न सके।


कवि-संपर्क : Manasa Tower, Flat no. 5-D, G.N.B Road, SILPUKHURI, GUWAHATI 781003

ईमेल : nilimkumar43@gmail.com