Thursday, June 30, 2022

अंग्रेजी कविता : धोती डांस

कवयित्री : संयुक्ता दासगुप्त

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


वो भी क्या दिन थे

जब बात मूँछें ऐंठने की नहीं थी

न ही नाइटक्लबों में नाचने की

कोरियोग्राफर के लिए कोई चुनौती नहीं थी

कोई मौका हथियाकर

नृत्य करने की बात भी नहीं थी

नहीं था कोई लुंगी डांस।

कोई संगीत और ढोल नहीं थे

बस धोती और साड़ियाँ

सड़कों पर नृत्य करते थे

सत्ता की साम्राज्यवादी लाठी का सामना करने के लिए

सैनिकों ने उनकी पीठ नंगी की

सैनिकों ने उन्हें हथकड़ियाँ पहनाईं

लेकिन वे शिलाखंडों की तरह बैठे रहे

यह सत्याग्रह का नृत्य था

यह अहिंसक असहयोग का नृत्य था

जिसने ब्रिटिश राज की नींव हिला दी

धोती पहने दुर्बल बूढ़े ने अंग्रेजों को ऐसा नाच नचाया

कि उनके पतलून और पजामा फिसल गए

क्योंकि उन्हें उछलकर नाचना पड़ा

यह 'चांस पे डांस' नहीं था, यह दृढ़-संकल्पित धोती डांस था

जवान बूढ़े ने इसकी कोरियोग्राफी की थी

स्वतंत्रता का नृत्य

राष्ट्र जिसकी धुन पर नाचा

राष्ट्र ने स्वतंत्रता के लिए नृत्य किया

मोहनदास करमचंद गाँधी के रूप में

धोती पहने दुर्बल साँवले आदमी ने,

धोती डांस का नेतृत्व किया।


कवयित्री संपर्क : 7 सी, कॉर्नफील्ड रोड, कोलकाता 700019, मो. 9830301240

ईमेल : dasgupta.sanjukta@gmail.com