Thursday, June 11, 2020

डोगरी कविता : वर्तमान का चित्र

कवि : मोहन सिंह

डोगरी कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

समय का शकुनि
चल रहा है कुचालें
एक के बाद एक
भरे दरबार में
सबके साथ
सबके सामने।
प्रजापालक अंधा है 
जन्मजात अंधा
दिखता नहीं कुछ भी
बस महसूस करता है।
महसूस करता है
सिर्फ अपना वजूद
अपने अंग-प्रत्यंग।
न्याय
चक्रव्यूह में फँसा
छटपटा रहा है।
कुटिलता
फेर रही है मूँछों पर हाथ
गर्व के साथ।
होंठों पर मुस्कान लाकर
सारे दानीश्वरों ने
ले रखी है प्रतिज्ञा चुप रहने की
भीष्म प्रतिज्ञा।
पांडवों ने बेच दी है अपनी प्रतिभा
द्रोपदी समेत
दुर्योधन के हाथों,
युवराज दुर्योधन के हाथों।
इसीलिए प्रजा
धर्म की तलाश में निकल पड़ी है,
अपने-अपने धर्म की तलाश में
जिसका
दूसरे के साथ कोई तालमेल नहीं है।

कवि-संपर्क : गुड़ा सलाथिया, मंडी उड्ड (दरगाली), सांबा, जम्मू 181143, मोबाइल : 094191 82817
ईमेल : mohansinghduggar@gmail.com

Wednesday, June 3, 2020

मैथिली कविता : सुजाता

कवि : नारायणजी

मैथिली कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश 

बात-बात में रोती है सुजाता
कि वह सिंदूर नहीं, राख थी,
जो उसकी माँग में रगड़ी गई
और खूँटे से बँधी गाय बन गई सुजाता
लेकिन, खूँटे से बँधी गाय तो नहीं है सुजाता।

मानती है,
कभी भी हो सकती है फुर्र
इस वधशाला के आकाश से;
और चुन सकती है
अपने लिए कोई वृंदावन।
दुनिया छोटी नहीं है 
कहीं जाने के लिए
स्वतंत्र है सुजाता।

साँझ पसरती है 
और चिंतित होती है बात-बात में रोती हुई
और अनुभव करती है
कि कंपन अलगनी पर टँगे कपड़े में ही नहीं
उसके गर्भ में भी होने लगा है।

बार-बार वह दरवाजे के शून्य को पहनती है
बार-बार दुनिया को खोलती है अपने में
अपने पति के लिए।
बार-बार बुदबुदाती है-
'भगवान इतना निष्ठुर नहीं है!'
अपनी चारों ओर की हवा को आशंका से भर देती है
और घड़ी-घड़ी धरती पर पसार कर आँचल
टेकती है माथा
बात-बात में रोती हुई।
कहीं जाने के लिए स्वतंत्र है सुजाता
खूँटे से बँधी गाय तो नहीं है?

कवि-संपर्क : घोघरडिहा(द०),मधुबनी 847 402 (बिहार), 
मोबाइल : 94318 36445, ईमेल : njha.ggh@gmail.com