Monday, June 9, 2025

बोडो कविता : आग का बीज


कवयित्री : अंजलि बसुमतारी 'अंजु'  


हिंदी अनुवाद : देवेंद्र  कुमार देवेश

यह बीज मैं कहाँ से   

और किससे ले आई थी 

मत पूछो  मुझसे 


बहुत दिनों से नींद में था

सुप्त ज्वालामुखी बनकर सीने में था

अब चारों ओर फैला है

आग का बीज;


इसलिए हर तरफ आग ही आग 

दहकती हुई, हरे-भरे  मैदान में 

हर तरफ जलता हुआ अंगार 

और हृदय की  चीत्कार 

हमे समानता का अधिकार चाहिए 


जैसे पलक झपकते ही  

फैलती है आग 

विरोध की चीख; पहाड़ों से टकराकर 

चारों ओर गूँजती है 

मानो घाटी में विलाप करते हुए 

पागल हवा बहती है


समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता

लो, मेरी गर्दन पर घुटने रखकर तो देखो

राजपथ पर निकलेगी जुलूस की कतार 


और तो और 

बड़ी कंपनीवालों या सरकारी तंत्र की 

शोषण और दमन की नीतियों  के खिलाफ  

कभी भी सुलग सकता है 

यह आग का बीज 


"आग से मत खेला करो तुम !"

आई हमें बार-बार सचेत करती थी

चूल्हे की जलती लकड़ी पर  

पाँव पड़ने पर 

टोकती और कहती थी - "नमन करो, उसका भी मालिक है"


बाबा हमेशा हमें  सतर्क करते थे 

यह कहते हुए कि 

"एक छोटी-सी चिंगारी पूरे जंगल को जलाकर खाक कर सकती है 

इसलिए ….. होशियार!"


मैंने कभी नहीं खेला आग से

जब छोटी थी, तब की बात अलग थी

सर्दी के मौसम में अलाव के पास बैठकर 

धुएँ से खेला करती ;


मैंने कभी नहीं खेला आग से

लेकिन  सँभालकर रखा इसका बीज  

कब जरूरत पड़े अधर्म को जलाने, 

नाश करने बाहर या अंदर के दानव का 


कभी-कभी मेरा भी मन करता है 

नाचती अग्निशिखा बनकर लयलास भंगिमा में 

और कभी लाल आँख दिखाकर

भरते हुए  हुंकार, करते हुए  तहस-नहस 

प्यासी जीभ से चाटकर 

राख बनाती सबको


कौन चाहता है

आग का बीज?


ईमेल : 

Saturday, April 6, 2024

तेलुगु कविता : पंक्ति के बीच में

 

कवि : कवि याकूब



तेलुगु कविता-पाठ

अंग्रेजी से अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

क्या कभी ऐसा हुआ

कि आप स्वयं के लिए ही अजनबी बन गए,

अपने ही शब्दों से

सराबोर;

किसी बातचीत के मध्य।

 

क्या आपको ऐसा लगता है, 

कभी एक पल के लिए भी,

कि कुछ ऐसे शब्द हैं, जो 

हमेशा आपके भीतर रहते हैं, 

और जिन्हें आप बोल नहीं पाते।

वे रास्ते, जिन्हें अपने चलने के लिए बनाए हैं आपने,

उन पर चलते हुए जब आप गिनते हैं, 

अपनी यात्रा के कदमों की संख्या,

पुराने शब्दों की जुगाली करते,

क्या आपने कभी महसूस किया है,

उन्हें उस चट्टान के जैसा ही,

जिसे हिलाया नहीं जा सकता,

एक पल के लिए भी, 

बोलते हुए कभी?


व्यावसायिक प्रचंडता को छू रही

इस दुनिया में, 

समस्त मानवीय कोमलता तो है

लेकिन वह बाज़ार के लिए कच्चा माल है,

भावनाओं को गणितीय समीकरण में बदलने की

पूँजीवादी रणनीतियों का फीडस्टॉक।

कभी सोचा है आपने,

आप और आपके शब्द कहाँ जा रहे हैं?

या फिर आप देखकर भी इन्हें

यह दिखावा करते हैं

कि आप कुछ नहीं जानते?


कवि-संपर्क :  'Sufi Ghar', 1-7-9/1/3, Road No 17, Opp. Tirumala Anjali Enclave, Chaitanyapuri, Hyderabad- 500 060,TS

मोबाइल : 9849156588, ईमेल : kaviyakoob62@gmail.com

Thursday, November 24, 2022

बांग्ला कविता : पूर्णिमा की रात

                                                                कवि : अमीनुर रहमान



बांग्ला कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


मैं रेगिस्तान से प्यार ले आया

ले आया समंदर से

पहाड़ों से प्यार लेकर आया

मैं अपना भी प्यार ले आया


किस पते पर भेजूँ मैं!

चाँद, स्वप्न, निरंतर समय, कहाँ!

किधर है ठिकाना तुम्हारा!

उत्तर, दक्षिण, पूरब, पश्चिम, कहाँ!


यह बहुत ही ज्यादा भारी है 

संगीत के साथ मिलकर यह और भारी हो गया है

स्मृतियों से जुड़कर यह और भारी हो गया

कामनाओं, वासनाओं के साथ यह और भारी हो गया

किस पते पर भेजूँ मैं!


मैंने तुम्हारा ठिकाना विस्तीर्ण हरियाली से पूछा!

मैंने तुम्हारा ठिकाना सफेद बर्फ से पूछा!

मैंने तुम्हारा ठिकाना जलप्रपात से पूछा!

कोई तुम्हारा पता नहीं जानता!


मैंने सारा प्यार आकाश में रखा 

टिमटिमाते सितारों के बीच

ठीक चाँद की बगल में!


पूर्णिमा की रात तुम उसे वहाँ देख सकते हो!

जब तुम नदी का संगीत सुन सको 

जब तुम गुलाब की सुगंध ले सको 

जब तुम चेहरे पर हवा का स्पर्श महसूस कर सको

पूर्णिमा की रात तुम उसे अपने साथ ले जा सकते हो!


संपर्क : aminur05@hotmail.com

Saturday, July 2, 2022

अरबी कविता : मैं तुम्हारा अकेला पाठक हूँ


कवि : इब्राहिम अल-मास्री

अंग्रेजी से अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


ओ कवि, मैं तुम्हारा अकेला पाठक हूँ,

जो प्रतिदिन तुम्हारे दरवाजे पर खड़ा होता है

तुम्हारी प्रतीक्षा में

कि तुम एक कोमल कविता के साथ आओगे मेरे पास,

जो मेरे भोग से खंडित नहीं हो।

एक उदार कविता,

जिसका तब तक अंत



ना हो,

जब तक कि मैं उसे

गरीबों, अनाथों और विधवाओं में बाँट न दूँ।

एक सूर्य सरीखी कविता,

जिस पर मौसम के कालिमायुक्त होने अथवा रात घिर आने का कोई असर न हो।

एक नृत्यरत कविता,

जो मेरे साथ नृत्य-वृत्त में जाने से हिचकिचाए नहीं।

एक समृद्ध कविता,

ताकि हम तुरंत बाहर न हो जाएँ,

एक हजार चुंबनों और एक चुंबन की प्रतियोगिता से।

एक साहसी कविता,

जो जंगल में हमारे एक साथ नंगे घूमने में घबराए नहीं।


मैं तुम्हारा अकेला पाठक हूँ, कवि।

मैं तुम्हारे दरवाजे पर प्रत्येक सुबह खड़ा होता हूँ

तुम्हारी प्रतीक्षा में

कि तुम मेरे पास एक प्रतिष्ठित कविता ले आओ,

जिसके साथ गली में टहलते हुए मैं घबराऊँ नहीं।

मानों मैं सोफिया लॉरेन के साथ टहल रहा हूँ

जबकि उसकी टाँगें जवान थीं।

पेपिरस में लिपटी हुई कविता 

अपनी मौलिकता और प्राचीनता को साबित करती हुई।

फिर भी, मुझे बुरा नहीं लगेगा, ओ कवि!

यदि तुम इसके साथ मुझे

अच्छी और पुरानी शराब की एक बोतल दे दो।

Thursday, June 30, 2022

अंग्रेजी कविता : धोती डांस

कवयित्री : संयुक्ता दासगुप्त

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


वो भी क्या दिन थे

जब बात मूँछें ऐंठने की नहीं थी

न ही नाइटक्लबों में नाचने की

कोरियोग्राफर के लिए कोई चुनौती नहीं थी

कोई मौका हथियाकर

नृत्य करने की बात भी नहीं थी

नहीं था कोई लुंगी डांस।

कोई संगीत और ढोल नहीं थे

बस धोती और साड़ियाँ

सड़कों पर नृत्य करते थे

सत्ता की साम्राज्यवादी लाठी का सामना करने के लिए

सैनिकों ने उनकी पीठ नंगी की

सैनिकों ने उन्हें हथकड़ियाँ पहनाईं

लेकिन वे शिलाखंडों की तरह बैठे रहे

यह सत्याग्रह का नृत्य था

यह अहिंसक असहयोग का नृत्य था

जिसने ब्रिटिश राज की नींव हिला दी

धोती पहने दुर्बल बूढ़े ने अंग्रेजों को ऐसा नाच नचाया

कि उनके पतलून और पजामा फिसल गए

क्योंकि उन्हें उछलकर नाचना पड़ा

यह 'चांस पे डांस' नहीं था, यह दृढ़-संकल्पित धोती डांस था

जवान बूढ़े ने इसकी कोरियोग्राफी की थी

स्वतंत्रता का नृत्य

राष्ट्र जिसकी धुन पर नाचा

राष्ट्र ने स्वतंत्रता के लिए नृत्य किया

मोहनदास करमचंद गाँधी के रूप में

धोती पहने दुर्बल साँवले आदमी ने,

धोती डांस का नेतृत्व किया।


कवयित्री संपर्क : 7 सी, कॉर्नफील्ड रोड, कोलकाता 700019, मो. 9830301240

ईमेल : dasgupta.sanjukta@gmail.com

Sunday, September 19, 2021

ओड़िआ कविता : अंधकार का चेहरा

 

कवि : संग्राम जेना



ओड़िआ कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


अंधकार बोलकर कुछ है क्या?

ना, प्रकाश की अनुपस्थिति को ही

हम अंधकार कहते हैं।


जैसे तुम कब रहते हो

और कब नहीं रहते

तुम्हारे न रहने के समय रहती है 

तुम्हारे शरीर की गंध

तुम्हारे होंठ और हाथों की छाप

अहरह तुम्हारी पगध्वनि

और दीवार पर तुम्हारी छाया।


अंधकार भी ऐसे ही

प्रकाश के भीतर रहता है

जैसे बादलों में बिजली

मन के भीतर स्मृति

शरीर के भीतर कामना

आँखों में स्वप्न

और होंठों के मध्य हँसी।


इसीलिए दिन भी

कभी-कभी रात-सा लगता है 

निर्जन, निस्संग, निभृत

इतनी भीड़ में भी

खो जाने का भय रहता है

आसपास देखने पर

कुछ भी नहीं दिखता, पहचाना नहीं जाता।


सभी चेहरे धुँधले हैं

कुहासे से ढँके पहाड़ की भाँति

शरीर के साथ रहते हैं केवल

कुछ उष्ण नि:श्वास

जैसे कोई बिलकुल पास में है

वह और कोई नहीं

अंधकार का अस्पष्ट चेहरा

मेरी कल्पित कविता की अंतिम पंक्ति की तरह।


कवि-संपर्क : Flat no. B1-10, Srikhetra Residency, Patrapada, P.O. Aiginia, Bhubaneswar 751015

मोबाइल : 9437886970

Monday, September 13, 2021

बांग्ला कविता : अराजनीतिक

 


कवि : पंकज साहा

बांग्ला से अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश 


गहरी निद्रा के बाद जागकर

राह चलते देखता हूँ

सब कुछ मानो कितना अनजाना!


एक व्यक्ति के साथ मुलाकात हुई,

मैं क्या उसे पहचानता हूँ?

उसका नाम पूछा, 

उसने अपना नाम मनुष्य बताया,

वह क्या मुझे पहचानता है?

उसने कहा कि मैं उसका परिचित हूँ,

जानता है वह मेरा नाम--मनुष्य। 


जिस रास्ते पर मैं चल रहा था 

कुछ पल बाद एक राहगीर से 

पूछा मैंने उस रास्ते का नाम,

उसने कहा--मनुष्य पथ।

अपनी दाहिनी तरफ के घर के 

दरवाजे पर जाकर जानना चाहा 

किसका है यह घर?

उत्तर मिला--मनुष्य का घर।

और दूसरी तरफ का घर?

वह भी मनुष्य का ही है।

पास ही एक विश्वविद्यालय का खुला द्वार,

लिखा था--मानवता विश्वविद्यालय। 

लड़के-लड़कियाँ भीतर-बाहर जा-आ रहे थे,

मैंने उनमें से कइयों का

नाम पूछा,

उन सबने कहा

उनका नाम--प्यार।

मेरे पैरों के नीचे की मिट्टी

काँपने लगी।

मेरे हृदय की धड़़कन

तीव्र से तीव्रतर होने लगी।

मैं कितने दिन सोया रहा

कितने मास, कितने वर्ष,

अथवा युग-युगों तक!


मैंने प्रहरीविहीन कुलपति के दफ्तर में घुसकर

उनसे एक ही सवाल पूछा,

कैसे हो गया ऐसा?

जवाब मिला--

कारण एक ही है,

दुनिया में राजनीति नहीं रही अब।


कवि-संपर्क : 

मोबाइल : 9903970077

Saturday, February 13, 2021

असमिया कविता : मैं अपने शवों को लेकर भाग गया


कवि : नीलिम कुमार

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


जरूरी काम से अपनी काली गाड़ी लेकर निकला।

शहर से निकलते ही मेरी गाड़ी की तीव्र स्पीड।

हठात् मेरी गाड़ी के सामने आ गया

एक आदमी। उसके ऊपर से मेरी गाड़ी

पार हो गई और तड़पते हुए उसने

मेरी गाड़ी के पीछे मृत्यु को गले लगा लिया।

किसी तरह मैंने उसे बाँहों में उठाकर

डाल दिया गाड़ी की पिछली सीट पर, और

देखा कि वह आदमी तो मैं ही हूँ!

इसलिए मुझे जरा-सा भी डर नहीं लगा

यह सोचकर कि पुलिस के झमेले में नहीं पड़ूँगा।

और अपना शव लेकर

मैं भाग लिया तेज गति में।


राष्ट्रीय पथ पर धूल नहीं थी

राष्ट्रीय पथ भी था मेरी गाड़ी की तरह

काला।

हवा को चीरती हुई मेरी गाड़ी

बस दौड़ती जा रही थी द्रुत गति में

इसी बीच यह क्या!

फिर से मेरी गाड़ी के आगे आकर

एक आदमी गाड़ी के धक्के से

उछलकर दूर जा गिरा और उसी क्षण

मर गया।

मैंने इधर-उधर देखा

निर्जनता थी चारों तरफ

जीवन में पहली बार यह अनुभव किया

कि निर्जनता कितनी उपकारी है। 

और शव को खींचते हुए लाया

अपनी गाड़ी की पिछली सीट पर--जिस पर

मेरा शव पहले से ही था, उसके साथ ही

लिटाते समय देखा कि इसके आँख, मुँह, बाल

हाथ, पैर, नाखून तो मेरे ही हैं।


अब मैं अपने दोनों ही शव लेकर

भाग आया हूँ, अपने शहर से बहुत दूर।

मैं नहीं जानता

और कितने शव हैं मेरे!

इसलिए अब गाड़ी की स्पीड; पहले से भी ज्यादा

गाड़ी के पहिए से गिर पड़ा था सूरज

मेरी गाड़ी जानती है सिर्फ दौड़ना

और दौड़ने के लिए धक्का दे सकती है

उसी आदमी को, जो केवल मेरा शव है

और जिसको लेकर मैं भाग जा सकता हूँ...


इसी तरह अपने शवों को लेकर

मैं भाग गया, ताकि

कोई भी मेरे शवों की अंत्येष्टि क्रिया

कर न सके।


कवि-संपर्क : Manasa Tower, Flat no. 5-D, G.N.B Road, SILPUKHURI, GUWAHATI 781003

ईमेल : nilimkumar43@gmail.com

Saturday, December 19, 2020

ओड़िआ कविता : देश


कवि : जयद्रथ सुना


 ओड़िआ कविता पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

देश का मतलब क्या है, ठीक से
समझ नहीं पाता
मितकानी गाँव का नरेन।

देश का मतलब है एक थाली भात
एक गिलास पानी या फिर एक प्लेट चटनी।

नहीं, नहीं, देश का मतलब है एक डोजर मशीन
जो एक आदेश से निगल सकती है जंगल, नदी और झरने को।

पार्क-पार्क घूमते हुए कुछ सरल मनुष्यों को
पीटनेवाली लाठी भी देश हो सकती है

गौमाता की रक्षा के बहाने कुछ माँओं को नग्न कर
उनकी इज्जत को नीलाम करनेवाला
अविवेकी हो सकता है देश।

नहीं, नहीं, देश का मतलब, एक स्वच्छ सड़क
आधा पैकेट मेघना बीड़ी, एक दियासलाई
जो एक आदेश से जला सकती है जंगल, घर, पृथ्वी।

तू जा, निकल यहाँ से, भाग, फूट
देश के विषय में कुछ भी मत जान, देश के साथ मत उलझ।

देश अगर चाहे तो बाल उम्र के सूर्यों को भी
अपने कंधों के झूले पर झूला सकता है
समय आने पर अपनी जय-जयकार भी करा सकता है।

उसके बाद तुम शायद बन सकते हो
एक सच्चे देशभक्त
जो एक शब्द भी सुन नहीं सकता है देश के विरुद्ध।

देखो भक्तो!
कल तक जिसको देश क्या है, मालूम नहीं था
आज उसको ही देश बोला जा रहा है
हे भक्तो, नजर कहाँ है तुम्हारी
ताली बजाओ, हुलहुली उचारो,
कविता खत्म होने जा रही है।

कवि संपर्क : At-Banjipadar, P.O. Regeda, 

P.S. M. Rampur, Dist. Kalahandi, Odisha 766102, 

मोबाइल : 09110769266

Saturday, October 3, 2020

नेपाली कविता : नग्नता

कवि : टासी शेर्पा

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

प्रिय,
किसी दिन तुम मुझे 
नग्न देखना चाहते हो
निधड़क, निस्संकोच आ जाओ!
लेकिन प्रिय,
छलकते बुलबुले बेतरह 
बह रहे उन्माद के भाव, विध्वंसक
मन का विचलित स्खलन
इन सबको त्याग कर आना,
केवल नग्नता की स्पष्ट तस्वीर बनकर आना,
मेरी नग्नता के रोम-रोम से मुखरित होना,
अपनी संपूर्णता भूलकर आना,
हे प्रिय,
अंधकार को भी पवित्र बना देना
अमावस की रात की तरह
बिल्कुल नग्न होकर आना।

लेकिन प्रिय,
नग्न होने के लिए मन को 
सगरमाथा जैसा उच्च होना होगा,
जिसको कोई भी
संदेहास्पद इतिहास और भूगोल से
नीचे न उतार पाए
हवा के वेग की तरह सर्वत्र
अपनी ही धुन में मदमस्त रहना होगा
ताकि कोई संदेह की दीवार रोक न पाए
सिरफिरे पागल की तरह बेपरवाह होना होगा
ताकि लज्जा का कोई परिवेश
उसकी हँसी न उड़ा पाए।
हे प्रिय,
नग्नता के लिए
मन का मन सिद्धार्थ का नहीं
बुद्ध का होना होगा
जहाँ नग्नता के साथ नग्नता
बेफिक्र एकाकार हो सके
निष्कलंक पिघलकर एकाकार होते हुए
स्थायी तौर पर समाहित हो सके।

कभी-कभी
मन बहुत चतुर होता है
जो जैसा देखता है
उसके उलट बयान करता है
इसलिए प्रिय,
किसी की नग्नता निहारने के लिए
खुद भी नग्न होना पड़ता है
एक-एक बूँद का रोमांच अर्जित करना
जलप्रपात का प्रहार सहते-सहते
जैसे झरने के साथ के पत्थर
नग्न ही पल रहे होते हैं
जैसे तुम्हारे मन के मुहाने से
पल-प्रतिपल
चू रही इच्छाओं की लार नंगी है
जैसे तुम्हारे हरेक श्वास-प्रश्वास से
आती-जाती हवा के कण-कण की 
गुणवत्ता नंगी है
जैसे तुम्हें नजर आ रही
आँख की पुतली के भीतर से
बिजली से भी तेज दौड़ती 
दृष्टि के प्रवाह में बह रही
एक-एक किरण का अंतरंग नग्न है।
जैसे निष्फल समर्पण में
भाग्य द्वारा कुचली हुई
कितने ही युगों की देकर बलि
निरीह जीवित बची 
हमारी कहानियाँ नग्न हैं।

कवि-संपर्क : 29/2  (उत्तर) तृतीय तल, इंदिरा विकास कॉलोनी, दिल्ली 110009, मोबाइल : 088605 36046
ईमेल : tashitshering567@gmail.com

Wednesday, September 30, 2020

अंग्रेजी कविता : युद्ध की चीखें

कवि : एन. किरणकुमार सिंह

अंग्रेजी कविता पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

हवा में भर गई हैं

युद्ध की चीखें

नहीं हैं अब

पहाड़ की चोटियों पर झूमते बादल

किनके गाँव उदास और निर्जन हुए?

 

युद्ध की चीखें गूँजती हैं रात में

भाग गए जंगली जानवर

विजेता मानव से डरकर

आज ज्यादा जंगली कौन है?

किसका मांस है यह?

वे शिकार कर मार रहे हैं

लेकिन एक-दूसरे को ही!

 

बहनों पर दया करो,

जिनके भाइयों को तुमने मारा है;

माताओं पर दया करो,

जिनके पुत्रों को तुमने मारा है;

ओह! बंद करो यह रक्त-स्नान!

 

राख हो गए, सत्य और नीति

जला दिए गए घरों के साथ

सपनों में चिहुँक उठते हैं बच्चे

डरकर चिपट जाते हैं माँओं की छातियों से।

देखो, वहाँ पराजित-विजेताओं का खून बह रहा है

और कितनों को मारना है तुम्हें

तुम्हारी मजबूत तंत्रिकाएँ कमजोर पड़ जाएँगी अवश्य ही एक दिन।

ओह! बंद करो यह रक्त-स्नान!

(नगा-कुकी संघर्ष, 1997 के बाद)


कवि संपर्क : Moirangkhom, Chingakham Leirak, Imphal, 

Manipur 795 001

मोबाइल : 08974009284 / 9402882009

ईमेल : n.kiran126@gmail.com


Sunday, August 9, 2020

मैथिली कविता : मौन


कवि : अजित आजाद


मैथिली कविता-पाठ

 

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश


स्मृति में संजोई

लाल गुलाब की एक भी पंखुड़ी

मुरझाई नहीं है आज भी

गिरी थी जो देह पर मेरी

गणतंत्र दिवस की परेड देखते समय


जन-समुद्र के उल्लास पर हुई

पुष्प-वर्षा का वह दृश्य

दोहराया जाता देखता हूँ टीवी पर प्रत्येक वर्ष

राजपथ को मानता आया हूँ संपूर्ण देश का प्रतिरूप

आत्मा का प्रवेश-द्वार है इंडिया गेट


आज फिर बरसाया गया  फूल

विपत्ति में है जब सारी देश-दुनिया

पुष्प-वर्षा में व्यस्त हैं हेलीकॉप्टर

स्वयं को धन्य महसूस कर रहे नर्स-डॉक्टर

धन्य हो गए हैं अस्पताल

धन्य हो गया है समस्त देश का भाल

कुछ ही दिन पहले थाली का भात उझल कर

पीटी गई थी थाली

फूँके गए थे शंख इन सबके लिए ही

नतशिर है पूरा देश आज भी

लेकिन उन सबकी गाँठ में आया क्या

जिन लोगों ने भात उझल कर त्यागे प्राण

जो लोग मर गए हजार कोस की यात्रा में

जो मर गईं प्रसव-पीड़ा से

जो मर गए रेल की पटरी पर

जो मर गए इलाज के बिना

जो मर गए दूध-दूध चिल्लाते

मरी हुई माँ की छाती चिंचोरते

इन सबके हिस्से में क्या आया आखिर

जो सब मर गए अपने ग्रामीणों के आतंक से

थाली, शंख, फूल या फिर अपमान

किनके होंठों पर है इनका यशोगान

कैसे करूँ गुमान मैं

स्मृति में संजोई गुलाब की उस एक पंखुड़ी पर

जबकि एक मिनट का मौन भी नहीं रख सका यह देश


धन्य है जार्ज फ्लॉयड

कराहते हुए मर गया वह

ऐसे ही मरते हैं हमारे देश के भी असंख्य नागरिक

लेकिन आठ मिनट छियालीस सेकेंड की

उस मर्मान्तक पीड़ा को आज

संपूर्ण अमरीका जी रहा है मौन में

यहाँ लेकिन जोते जाने के लिए तैयार हैं हम सब

चुनावी दवनी में!


कवि-संपर्क : नवारंभ, वार्ड नं 2, निकट रामजानकी मंदिर मधुबनी, बिहार 847211

मोबाइल : 9304349384, 

ईमेल : lekhakajitazad@gmail.com

Saturday, July 25, 2020

असमिया कविता : किसका ईश्वर?

कवि : हरेकृष्ण डेका

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

आपमें से किसी को यदि
ईश्वर का पता मिले
मुझे बताना
और मैं उसके पास जाकर कहूँगा,
उनके ढेर सारे अलग-अलग 
नाम लेना उचित नहीं।
इतने सारे भिन्न-भिन्न पंथ
भिन्न-भिन्न धर्ममत
भिन्न-भिन्न निषेधाज्ञाएँ
यहाँ तक कि अलग-अलग उत्सर्ग और त्याग।

उनके नाम पर निर्मित हों विभिन्न स्थापत्य
अंकित हों विभिन्न चित्रावलियाँ
गाए जाएँ भिन्न-भिन्न भक्तिगीत
लिखी जाएँ भिन्न-भिन्न किताबें
रचे जाएँ भिन्न-भिन्न नृत्य!

किंतु एक दिन 
उनके अलग-अलग पंथ, धर्ममत, निषेधाज्ञा से
इतनी ज्यादा उष्मा जमा होगी
कि अलग-अलग पवित्रता की रक्षा के लिए
आपस में मारकाट करके भी
सारे धर्मांध 
अलग अलग राहों से भी
उसी के द्वार पहुँचेंगे।

उनकी आत्माएँ दौड़ते हुए
एक-दूसरे को पछाड़कर आगे बढ़ने की
अगर कोशिश भी करें
तो भी सबलोग एक ही साथ
एक ही समय उसके घर पहुँचेंगे--

और देखेंगे कि
उस घर में वह नहीं है।

कवि-संपर्क : मकान सं 100, कस्तूरबा नगर, साउथ सरणिया, गुवाहाटी 781007, 
ईमेल : deka78@gmail.com