Saturday, July 25, 2020

असमिया कविता : किसका ईश्वर?

कवि : हरेकृष्ण डेका

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

आपमें से किसी को यदि
ईश्वर का पता मिले
मुझे बताना
और मैं उसके पास जाकर कहूँगा,
उनके ढेर सारे अलग-अलग 
नाम लेना उचित नहीं।
इतने सारे भिन्न-भिन्न पंथ
भिन्न-भिन्न धर्ममत
भिन्न-भिन्न निषेधाज्ञाएँ
यहाँ तक कि अलग-अलग उत्सर्ग और त्याग।

उनके नाम पर निर्मित हों विभिन्न स्थापत्य
अंकित हों विभिन्न चित्रावलियाँ
गाए जाएँ भिन्न-भिन्न भक्तिगीत
लिखी जाएँ भिन्न-भिन्न किताबें
रचे जाएँ भिन्न-भिन्न नृत्य!

किंतु एक दिन 
उनके अलग-अलग पंथ, धर्ममत, निषेधाज्ञा से
इतनी ज्यादा उष्मा जमा होगी
कि अलग-अलग पवित्रता की रक्षा के लिए
आपस में मारकाट करके भी
सारे धर्मांध 
अलग अलग राहों से भी
उसी के द्वार पहुँचेंगे।

उनकी आत्माएँ दौड़ते हुए
एक-दूसरे को पछाड़कर आगे बढ़ने की
अगर कोशिश भी करें
तो भी सबलोग एक ही साथ
एक ही समय उसके घर पहुँचेंगे--

और देखेंगे कि
उस घर में वह नहीं है।

कवि-संपर्क : मकान सं 100, कस्तूरबा नगर, साउथ सरणिया, गुवाहाटी 781007, 
ईमेल : deka78@gmail.com


No comments:

Post a Comment