Monday, April 22, 2019

अंग्रेजी कविता : हम ऐसे ही हैं...


कवि : ए. जे. थामस
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

क्या होता है नेत्रहीनों के सपने में...
कैसी आकृतियाँ, कैसे रंग? 
कैसा होता है, गूंगे, बहरे और 
मूक-बधिर का सपना? 

हम कैसा अनुभव करते हैं 
किसी जलते शहर और 
किसी बखार में जलते तिलचट्टों की तरह 
राख हो गए हजारों लोगों के बारे में? 

छोटी-छोटी चिंताओं के झोंकेे में 
हम नरसंहारों को भूलते जा रहे हैं! 

हमारी चौखट पर हुई कोई मृत्यु तो कहर है 
पर हजार मील दूर, हजारों की मौत पर 
हम अपने कंधे झाड़ लेते हैं- 
खबरों को नजर अंदाज कर 
वैवाहिक, रोजगार संबंधी और वर्गीकृत विज्ञापनों 
तथा कामिक्स में उलझ जाते हैं। 

हम ऐसे ही हैं- 
एक ऐसी दुनिया में रहनेवाले 
जहाँ रोशनी आँखों को बेधती है, 
आवाज फाड़ती है कानों को, 
त्वचा को जलाता है स्पर्श और 
जीभ कट जाती है बोलते हुए 
खरा-खरा सच!

कवि संपर्क : अतिथि संपादक, "इंडियन लिटरेचर" अंग्रेजी द्वैमासिक, साहित्य अकादेमी, रवींद्र भवन, 35 फीरोजशाह मार्ग, नई दिल्ली 110001, मोबाइल : 098681 27314, Email: tomsaj@gmail.com

Thursday, April 11, 2019

बांग्ला कविता : खलासी टोला में वे तीन


कवि : सुबोध सरकार
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

जीसस क्राइस्ट
गौतम बुद्ध
कार्ल मार्क्स
तीनों ही एक लड़की के लिए थे उद्वेलित
लड़की का नाम लक्ष्मी,
लक्ष्मी जिस घर में धोती थी कपडे
आ गई है उस घर में वाशिंग मशीन
क्या होगा अब?

जीसस ने कहा :
उस लड़की को रास्ता मैं दिखाऊँगा
क्योंकि दिशाहारा को मैं देता हूँ दिशा।
गौतम बुद्ध ने कहा :
अरे रखिए अपना फंडा
लड़की खाएगी क्या, इसका ठिकाना नहीं
और आप फैखड़ा पढ़ रहे हैं।
कार्ल मार्क्स ने कहा :
गौतम सर, आपकी भाषा इतनी ख़राब कैसे?
मैं जानता हूँ, सोवियत संघ के विघटन से
लक्ष्मी की दशा और भी ख़राब होगी।
कोटि-कोटि लक्ष्मियों को
भिखारी बना देगा यह वैश्वीकरण।

खलासी टोला की देसी दारू की चुस्की लेकर बोले जीसस :
लक्ष्मी के पास यदि एक रोटी है
तो उसे अपने भाई-बहनों के साथ
मिल-बाँटकर खाना चाहिए
तब वह पाएगी की उसका पेट भर गया है।

गौतम बुद्ध ने कहा :
आप भी किसी दिन पिएँगे देसी दारू
यह तो कहीं बाइबिल में लिखा नहीं।

लेकिन ठीक ही है -
भारत लक्ष्मियों को अब और
भात-रोटी नहीं दे पाएगा।
कार्ल मार्क्स ने अपनी बात पूरी की :
आज भी मेरे भूत तक से डरते हैं
अमेरिका, रूस, अफ्रीका।
लक्ष्मी को दूसरी लक्ष्मियाँ ही खिला सकती हैं,
मैं और आप नहीं।
कोटि-कोटि लक्ष्मियाँ जब एक साथ खड़ी होंगी
तब देखिएगा, होता है क्या?

तभी गाँधी आ खड़े हुए :
अरे यह क्या, आप तीनों योद्धा
यहाँ क्या कर रहे हैं?
गौतम बुद्ध ने कहा : यहाँ लोग क्या करते हैं, छोकरे?
गाँधी ने कहा : यहाँ आकर अच्छा ही किया
पार्लियामेंट में आपलोगों को घुसने नहीं देंगे,
मुझे ही भाव नहीं देते।

आश्विन मास की सांध्य बेला के प्रकाश में
लक्ष्मी अपने बच्चे को सँभाल नहीं पा रही
उसके पेट में भारत भर की भूख है
उसकी आँखों में समूची पृथ्वी का स्वप्न,
बड़ी होकर अमर्त्य सेन बनेगी।
किन्तु बिना खाए-पिए रहकर कोई
अमर्त्य सेन बन सकता है क्या?
कार्ल मार्क्स ने सब देख-सुनकर
खलासी टोला में ही बैठकर
कम्यूनिस्ट मैनिफेस्टो में एक नई लाइन जोड़ी -
यदि लक्ष्मी को ही भात नहीं मिल पा रहा तो
सरस्वती को कौन रोटी देगा?

कवि संपर्क : डॉ. सुबोध सरकार, ए 6/6, श्रीति हाउस एस्टेट, टॉलीगंज-करुणामयी ब्रिज के निकट, कोलकाता 700 041 (पश्चिम बंगाल), मोबाइल : 9831214906, ई-मेल : subodhsarkar@gmail.com

Monday, April 1, 2019

नेपाली कविता : मेरी जीभ


कवि : मनप्रसाद सुब्बा

नेपाली कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

यह जो मेरी जीभ है न
मेरी अपनी जीभ है
इसे अपनी जीभ का आकार देने का दुस्साहस मत करो
इस जीभ की जड़ें मेरे हृदय की गहराई में हैं
जिसे तुम कभी पा नहीं सकते
हृदय की धड़कन मेरी जीभ में तरंगित हो रही है
तुम इसे कभी महसूस नहीं कर सकते।

मेरी जीभ की संवेदनशीलता में जो स्वाद सुगबुगाते हैं

उन स्वादों के अर्थ की जितनी भी व्याख्या की जाए
तुम नहीं समझ सकते
मेरी जीभ की कोशिकाओं के बीच गुन्दुक के उलझे रेशों का संजाल बसा है
अपनी प्रयोगशाला में कितनी भी कोशिशों के बावजूद
तुम उसे अलग नहीं कर सकते।

अपनी जीभ के इलिस माछ का स्वाद

तुम मेरी जीभ में बसाना चाहते हो,
लेकिन पहले
मेरी जीभ में बसे किनामा के स्वाद को तो चखो, कैसा लगता है!

मेरे गुन्दुक की तरी में

तुम चीनी घोलने का दुस्साहस मत करो!
दूर हटाओ तुम अपनी मिष्टीदोई
यहाँ मेरी माँ के द्वारा रात का बनाया हुआ दही स्वादिष्ट है

अरवा चावल को पीसकर

मेरी बहन की बनाई सेलरोटी को
चूरकर टुकड़े करनेवाले तुम कौन हो?

तुम खाओ अपना पान्ताभात

मैं अपना भुना हुआ भात खाऊँगा
मेरी जीभ में जबर्दस्ती अपना मुरिघंटो परोसने का दुस्साहस मत करो
मुझे मेरा पकुवा प्यारा है
जिसका स्वाद वनवासी राम-लक्ष्मण से पूछ लेना।

मेरी इस जीभ की जो बुनावट है न

उसकी शिल्पी मेरी माँ है
उनकी धड़कन में ही एक-एक पल उठाकर जोड़ते हैं
इस जीभ को
अपने उच्चारण की अनगिनत लचकों पर नाचने योग्य बनाया है
और मुँह के भीतर के मंच पर मेरी जीभ जैसे नाचती है
उस प्रकार और कोई नाच नहीं सकता
मेरे मुख की गुफा में यह जीभ नामक ओझा
जिस लय में मंत्र और फकड़ा बोलता है
वैसा उच्चारण कोई और नहीं कर सकता।

मैंने पहले भी कहा है

मेरी जीभ ही मेरे गाँव का मानचित्र है
इस मानचित्र को तुम उपनिवेश बनाने का दुस्साहस मत करो
इस मानचित्र का मान रखने के लिए
मैं कुछ भी करने को तैयार हूँ
हाराकिरी भी।

(रचना तिथि : 20 जून 2017)

कवि-संपर्क : मनप्रसाद सुब्बा, विजनबाड़ी, दार्जीलिङ 734201 (पश्चिम बंगाल), 
मोबाइल : 09832025465