Monday, April 1, 2019

नेपाली कविता : मेरी जीभ


कवि : मनप्रसाद सुब्बा

नेपाली कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

यह जो मेरी जीभ है न
मेरी अपनी जीभ है
इसे अपनी जीभ का आकार देने का दुस्साहस मत करो
इस जीभ की जड़ें मेरे हृदय की गहराई में हैं
जिसे तुम कभी पा नहीं सकते
हृदय की धड़कन मेरी जीभ में तरंगित हो रही है
तुम इसे कभी महसूस नहीं कर सकते।

मेरी जीभ की संवेदनशीलता में जो स्वाद सुगबुगाते हैं

उन स्वादों के अर्थ की जितनी भी व्याख्या की जाए
तुम नहीं समझ सकते
मेरी जीभ की कोशिकाओं के बीच गुन्दुक के उलझे रेशों का संजाल बसा है
अपनी प्रयोगशाला में कितनी भी कोशिशों के बावजूद
तुम उसे अलग नहीं कर सकते।

अपनी जीभ के इलिस माछ का स्वाद

तुम मेरी जीभ में बसाना चाहते हो,
लेकिन पहले
मेरी जीभ में बसे किनामा के स्वाद को तो चखो, कैसा लगता है!

मेरे गुन्दुक की तरी में

तुम चीनी घोलने का दुस्साहस मत करो!
दूर हटाओ तुम अपनी मिष्टीदोई
यहाँ मेरी माँ के द्वारा रात का बनाया हुआ दही स्वादिष्ट है

अरवा चावल को पीसकर

मेरी बहन की बनाई सेलरोटी को
चूरकर टुकड़े करनेवाले तुम कौन हो?

तुम खाओ अपना पान्ताभात

मैं अपना भुना हुआ भात खाऊँगा
मेरी जीभ में जबर्दस्ती अपना मुरिघंटो परोसने का दुस्साहस मत करो
मुझे मेरा पकुवा प्यारा है
जिसका स्वाद वनवासी राम-लक्ष्मण से पूछ लेना।

मेरी इस जीभ की जो बुनावट है न

उसकी शिल्पी मेरी माँ है
उनकी धड़कन में ही एक-एक पल उठाकर जोड़ते हैं
इस जीभ को
अपने उच्चारण की अनगिनत लचकों पर नाचने योग्य बनाया है
और मुँह के भीतर के मंच पर मेरी जीभ जैसे नाचती है
उस प्रकार और कोई नाच नहीं सकता
मेरे मुख की गुफा में यह जीभ नामक ओझा
जिस लय में मंत्र और फकड़ा बोलता है
वैसा उच्चारण कोई और नहीं कर सकता।

मैंने पहले भी कहा है

मेरी जीभ ही मेरे गाँव का मानचित्र है
इस मानचित्र को तुम उपनिवेश बनाने का दुस्साहस मत करो
इस मानचित्र का मान रखने के लिए
मैं कुछ भी करने को तैयार हूँ
हाराकिरी भी।

(रचना तिथि : 20 जून 2017)

कवि-संपर्क : मनप्रसाद सुब्बा, विजनबाड़ी, दार्जीलिङ 734201 (पश्चिम बंगाल), 
मोबाइल : 09832025465

4 comments:

  1. हार्दिक बधाई और ढेर सारी शुभकामनाएँ ।
    ड़ाक्टर साहब।
    अव्वल दर्जा का उत्कृष्ट अनुवाद। कृपया
    निरंतरता कायम रखे।

    ReplyDelete
  2. बहुत बहुत धन्यवाद देवेन्द्र कुमारजी। आपको ढेर सारी शुभकामनाएँ।

    ReplyDelete
  3. बेजोड कविता |बधाई एवम् हार्दिक शुभकामनाएं |

    ReplyDelete