Thursday, April 11, 2019

बांग्ला कविता : खलासी टोला में वे तीन


कवि : सुबोध सरकार
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

जीसस क्राइस्ट
गौतम बुद्ध
कार्ल मार्क्स
तीनों ही एक लड़की के लिए थे उद्वेलित
लड़की का नाम लक्ष्मी,
लक्ष्मी जिस घर में धोती थी कपडे
आ गई है उस घर में वाशिंग मशीन
क्या होगा अब?

जीसस ने कहा :
उस लड़की को रास्ता मैं दिखाऊँगा
क्योंकि दिशाहारा को मैं देता हूँ दिशा।
गौतम बुद्ध ने कहा :
अरे रखिए अपना फंडा
लड़की खाएगी क्या, इसका ठिकाना नहीं
और आप फैखड़ा पढ़ रहे हैं।
कार्ल मार्क्स ने कहा :
गौतम सर, आपकी भाषा इतनी ख़राब कैसे?
मैं जानता हूँ, सोवियत संघ के विघटन से
लक्ष्मी की दशा और भी ख़राब होगी।
कोटि-कोटि लक्ष्मियों को
भिखारी बना देगा यह वैश्वीकरण।

खलासी टोला की देसी दारू की चुस्की लेकर बोले जीसस :
लक्ष्मी के पास यदि एक रोटी है
तो उसे अपने भाई-बहनों के साथ
मिल-बाँटकर खाना चाहिए
तब वह पाएगी की उसका पेट भर गया है।

गौतम बुद्ध ने कहा :
आप भी किसी दिन पिएँगे देसी दारू
यह तो कहीं बाइबिल में लिखा नहीं।

लेकिन ठीक ही है -
भारत लक्ष्मियों को अब और
भात-रोटी नहीं दे पाएगा।
कार्ल मार्क्स ने अपनी बात पूरी की :
आज भी मेरे भूत तक से डरते हैं
अमेरिका, रूस, अफ्रीका।
लक्ष्मी को दूसरी लक्ष्मियाँ ही खिला सकती हैं,
मैं और आप नहीं।
कोटि-कोटि लक्ष्मियाँ जब एक साथ खड़ी होंगी
तब देखिएगा, होता है क्या?

तभी गाँधी आ खड़े हुए :
अरे यह क्या, आप तीनों योद्धा
यहाँ क्या कर रहे हैं?
गौतम बुद्ध ने कहा : यहाँ लोग क्या करते हैं, छोकरे?
गाँधी ने कहा : यहाँ आकर अच्छा ही किया
पार्लियामेंट में आपलोगों को घुसने नहीं देंगे,
मुझे ही भाव नहीं देते।

आश्विन मास की सांध्य बेला के प्रकाश में
लक्ष्मी अपने बच्चे को सँभाल नहीं पा रही
उसके पेट में भारत भर की भूख है
उसकी आँखों में समूची पृथ्वी का स्वप्न,
बड़ी होकर अमर्त्य सेन बनेगी।
किन्तु बिना खाए-पिए रहकर कोई
अमर्त्य सेन बन सकता है क्या?
कार्ल मार्क्स ने सब देख-सुनकर
खलासी टोला में ही बैठकर
कम्यूनिस्ट मैनिफेस्टो में एक नई लाइन जोड़ी -
यदि लक्ष्मी को ही भात नहीं मिल पा रहा तो
सरस्वती को कौन रोटी देगा?

कवि संपर्क : डॉ. सुबोध सरकार, ए 6/6, श्रीति हाउस एस्टेट, टॉलीगंज-करुणामयी ब्रिज के निकट, कोलकाता 700 041 (पश्चिम बंगाल), मोबाइल : 9831214906, ई-मेल : subodhsarkar@gmail.com

4 comments:

  1. बहुत अच्छा ब्लॉग चलाया है आपने. बधाइयां और हार्दिक शुभकामनायें!

    ReplyDelete
  2. धन्यवाद हेमंत जी। मुंबई प्रवास रुचिकर तो है?

    ReplyDelete
  3. excellent poem and excellent translation. thanks and best wishes sir!

    ReplyDelete
  4. बहुत अच्छा लगा अनुवाद ।सुबोध सरकार ने इसी तरह आम और गरीब लोगों के लिए ही लिखा है ।

    ReplyDelete