Monday, May 18, 2020

असमिया कविता : वकुल वकुल

कवि : राजीव बरुआ

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

आज भी ऐसा लगता है, जैसे अभी-अभी छोड़कर आया हूँ
यहीं कहीं पर आपका वकुल... 
उर्वर मिट्टी में खिला प्रथम पुष्प 
वकुल वकुल देह का भूगोल

वही दृष्टि, जो विस्मृति की द्रुत गति में भी है स्थिर, ध्रुव
उसकी झिलमिलाहट मैं आज भी
स्वर्णकार की कसौटी पर परखता हूँ
कल्पना के पंख पहनकर
करता हूँ अर्थ-अनर्थ का विनिर्माण

क्या था वह...प्रश्न या प्रश्नातीत, अथवा
जोड़ा मैना के रूप में
असमय प्राप्त शुभ संवाद
कक्षा में हाथ फैलाकर पाया जिसे
शिक्षक द्वारा कान ऐंठकर समझाया हुआ
लिलियन का यही यथार्थ

तथापि, आज भी सोचना अच्छा लगता है
गालों में पड़नेवाले डिंपल के बारे में
असीम ने क्यों प्यार किया संपूर्ण स्त्री को? 

अभी-अभी छोड़कर आया हूँ, यदि लगता है ऐसा
कभी कहीं आपका वकुल
उसी जगह फिर से जा सकता हूँ
पुराने रूपक के पुल से उतरकर, यद्यपि छू नहीं सकता
बहती हुई नदी का वही पानी
नदी-किनारे पेड़ों के नए पत्तों में
छोड़कर आ सकता हूँ
अपने हृदय का कंपन
जिसे नचाना हवा को अच्छा लगता है...

अब भी सपनों में देखती हो क्या लिलियन? 
मोटे फ्रेम के चश्मे की फाँक से आया वही प्रश्नवाण... 
तुम्हारे बगीचे में खिले हुए प्रथम पुष्प का नाम क्या वकुल है...?

कवि संपर्क : मकान संख्या : 30, प्रत्यय निलय, जर्नलिस्ट कालोनी, जनकपुर, काहिलीपाड़ा, गुवाहाटी 781019, असम, 
मोबाइल : 094017 26408, 
ईमेल : rajeevbarua63@gmail.com

No comments:

Post a Comment