कवि : तारानंद वियोगी
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश
किताब, तुम पड़े रहने रहना ऐसे ही
अलमारी से झाँकते।
ऐसे ही टकटकी लगाकर देखते रहना मेरी तरफ
ऐसे ही चीरते रहना मेरा शून्य
फाड़ते रहना ऐसे ही मेरा एकांत।
किताब, तुम मेरा अतीत हो
तुम्हीं मेरा भविष्य
तुम्हीं मेरा वर्तमान होओगी किताब,
दिन ढलते-ढलते।
बह रहा पसीना
तीव्रतर हो रही मेरी साँसों की भाथी
चूर-चूर हो रहा शरीर मेहनत से
रोटी के लिए, घर के लिए, तन के वस्त्र के लिए
खटता रहता हूँ सारा सारा दिन।
उधर,
हाहाकार मचा रखा है दोगले शिकारियों ने
घरमुत्ते सब पा रहे हैं महामहावीर चक्र
देखो किताब, कलम खोजे नहीं मिल रही
खोल में बंद होता जा रहा है चश्मा
दोगलों के मूत्र में गलता जा रहा कागज।
ऐसे में आह!
कहाँ, कैसे रहोगी?
कौन तुम्हें बचाएगा, किताब!
रुको, लौटकर आ रहा हूँ दिन ढलते-ढलते
तुम्हीं मेरा अतीत हो,
तुम्हीं मेरा भविष्य!
कवि संपर्क : शांतिनिकेतन, डा. सी पी ठाकुर पथ, शिवपुरी, पटना 800023, बिहार, मोबाइल : 094314 13125, ईमेल : tara.viyogi@gmail.com

No comments:
Post a Comment