कवयित्री: लिपिका दास
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश
न जाने
हर पल पीछे पड़ी है
जो अपूर्णता
कैसे भाग्य में, भाग में घुल जाती है।
लौटते वक्त
बूँद-बूँद आँसुओं के स्थापत्य में
जो है शून्यता, व्यर्थता
मेरे अंदर मंदिर बन चुकी होती है।
ये भी नहीं पता
सपने कैसे
दुःस्वप्न हो जाते हैं
ऋतुएँ कैसे
विपरीत हो जाती हैं
पंछी अचानक साँप बनकर
डँस जाते हैं
तार-बाड़ के अंदर टहलता हुआ
मेरा सुकुमार मासूम विश्वास।
बादलों की अन्यमनस्कता में
शरीर से उतरते हुए
निरुत्तर शब्द
शायद हो जाते हैं
एक-एक अद्भुत गणित
या असहज व्याकरण
मुँह के बल
घुटनों पर होती है
जब लाचार रोशनी
कैसे अँधेरा पाल रहा है
लौंड़ी नाच का महोत्सव
लेकिन इसकी आँखों में, होंठों में
हिल जाती है शाम
श्मशान के लिए शोभा-यात्रा में
मृदंग-जैसा बज रहा है
किसी के दिल में
सद्यः मरा हुआ एक अनाविल संपर्क।
कवयित्री-संपर्क: लिपिका दास, प्रफुल्ल नगर, बारिपदा, मयूरभंज (ओड़िशा)

भाग्य, स्वप्न ,लाचारी की परिधि के भीतर फँसी जिंदगी की जद्दोजहद कोशिश में राह ढूँढ़ती आशाओं के कदमों को पहचानने चाह है कविता में
ReplyDelete