Friday, June 21, 2019

बांग्ला कविता : शून्य के समक्ष स्वीकारोक्ति

कवयित्री : प्रमिता भौमिक

बांग्ला कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

आत्महत्या की एक इच्छा

ले आती है आँखों में नींद 
पहचानी विवृतियों की तरह 
अनेक स्वप्न 
आ खड़े होते हैं मस्तिष्क के समक्ष 
मैं पहचान नहीं पाती उन्हें। 

शून्य के बिल्कुल पास आकर 
निर्द्वंद्व स्वीकार करती हूँ- 
राह और गंतव्य के मध्य 
बार-बार ठहर जाता है पथ 
यत्न के साथ हटाती हूँ स्थगित आवरण 

और इस प्रकार 
मस्तिष्क के भीतर 
उलझनें बन जाती हैं कुहासा 
संभावना की जगह विश्वास 
और विश्वास की जगह प्रतिश्रुति 
क्रमागत खिसका देते हैं दूर- 
शून्य के पास आकर 
स्वीकार करती हूँ 
वह निरुपाय प्रश्नहीनता 

आत्महत्या की एक इच्छा 
मुझे लौटा लाती है दिन की रोशनी में 
मैं लिख रखती हूँ - स्नेह।

No comments:

Post a Comment