कवि : के. सच्चिदानंदन
अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश
हम निश्चित थे कि वे आएँगे।
हमने एक-एक कर
उनकी मूर्तियाँ तोड़ीं, जो
संभवतः उनके खिलाफ खड़े थे।
हमने राजधानी में
उनके स्वागत के लिए प्रतीक्षा की
बच्चों के खून से भरा कटोरा लेकर।
हमने कपड़े उतार दिए, छाल पहनने के लिए,
स्मारकों में आग लगाई,
उनके आगमन हेतु
यज्ञ की अग्नि प्रज्वलित की।
राजकीय गलियों के नाम बदले।
इस डर से कि कहीं हमारे पुस्तकालय
उन्हें कुपित न कर दें,
हमने उन्हें धराशायी कर दिया।
केवल जीवित रहने के लिए
काले जादू के मंत्रों से उत्कीर्ण तालपत्र लेकर।
लेकिन हम यह भी नहीं जान पाए
कि वे कब आ गए।
क्योंकि, वे सामने आए,
हमारी ही मूर्तियों को माथा लगाए
हमारे ही झंडे को सलाम करते,
हमारे ही पहनावे में,
हमारा संविधान हाथ में लिए
हमारा ही नारा उच्चारते,
हमारी बोली में बतियाते,
पवित्रतापूर्वक स्पर्श करते हुए
राजसभा की सीढ़ियों को।
जब उन्होंने हमारे कुओं को विषाक्त करना शुरू किया,
हमारे बच्चों को अपना आहार बनाया तथा
चिंतन का आरोप लगाकर लोगों को गोलियाँ दागीं,
केवल तभी हम यह समझ पाए
कि वे हमारे साथ हैं, हम सबके बीच।
अब हम कनखियों से एक-दूसरे को देखते हैं
और विस्मय से पूछते हैं,
‘‘क्या तुम बर्बर हो? क्या तुम्हीं हो?’’
कोई उत्तर नहीं मिलता।
हम केवल फैलती हुई आग को देखते हैं,
हमारे भविष्य को धुएँ से भरते हुए
तथा हमारी भाषा को मौत की भाषा में बदलते हुए।
अब हम प्रतीक्षा करते हैं
सिटी स्क्वायर पर हमारे तारणहार की,
मानो वह कोई दूसरा है।
कवि संपर्क : 7 सी, नीति अपार्टमेंट्स, 84, आई. पी. एक्सटेंशन, दिल्ली 110092, मोबाइल: 9868232794, ई-मेल % satchida@gmail.com

अत्यंत प्रभावशाली अनुवाद।लग ही नहीं रहा कि अनुवाद है।भाव,भाषा और अभिव्यक्ति के स्तर पर सर्वश्रेष्ठ
ReplyDeleteबहुत बहुत धन्यवाद!
DeleteThank you, Devesh! Fine translation. Let me just tell you I do not write poetry in English though I write essays etc. All the poems of mine you see in English are my own translations from my Malayalam originals. I write poetry only in Malayalam.Don't worry, this is a common misunderstanding as I have many books in English translation.
ReplyDeleteO.K. sir. Corrected now.
Deleteहमारे देश और समय के विभीषिका को रेखांकित करती अत्यंत ही सम्प्रेषणशील कविता और अनुवाद काबिले दाद ।बहतों बधाई ।
ReplyDeleteबहुत बहुत धन्यवाद!
Delete