हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश
बाल तुम्हारे नहीं हैं काले
दृष्टिहीन तुम
नर्म होंठों पर मीठी मुस्कान भी नहीं
तुम्हारे शरीर की छाया को देखकर ही तुम्हें मैं
करने लगा हूँँ प्रेम...
तब भी यह बात समझा न पाया किसी भी तरह--
कि जो रोशनी कठोर हाथों से हत्या करती है छाया की
फिर वही रोशनी ही तो
जन्म देती है छाया को नित्य नियमित...
छाया है मेरी भी,
तुमने तो उसकी खोज ली ही नहीं कभी
असल में अपनी छाया को गोद नहीं लिया मैंने
और न ही त्याग कर पाया उसका किसी भी तरह
उस दिन गर्भवती रोशनी के भीतर से
अपनी छाया को निकालकर
छोड़ आया रास्ते पर
आजकल जाता हूँँ जब मैं रास्ते पर पैदल
बैठ जाती है मेरी छाया
कभी-कभी किसी के घर की दीवाल पर जाकर
फिर कभी किसी घर की पाइप के सहारे
चढ़ जाती है ऊपर
शैतान, उस दिन एक लड़की के गाल पर
चुंबन ले लौट आई
तब मैं उसकी यह लंपटता बर्दाश्त न कर पाया
भीषण अनादृत मेरी छाया, कभी भी उसका ध्यान न रखा
मैं तुम्हारा ध्यान रखता, और
मेरे जन्म के साथ ही
जिस मृत्यु-संभावना ने लिया था जन्म
मैं उसका ही लालन करता,
प्यार से उसे बड़ा करता प्रतिदिन।
कवि-संपर्क : आर-40, कामदाहरि, पूर्वपाड़ा, गरिया, कोलकाता 700084, मोबाइल : 09903852460
ई-मेल : tathagatadatta13@gmail.com

No comments:
Post a Comment