Monday, August 5, 2019

असमिया कविता : दिन-रात

कवि : अनुभव तुलसी

असमिया कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

बहत्तर घंटे बीत गए, सूरज नहीं दिखा

कोई खबर नहीं, कहीं उसने अपने को छुपा तो नहीं लिया
सामने आकर भी करेगा क्या?
सुंदरियों की ढेर सारी लिपस्टिक ने
उदयास्त कालीन सूरज को 
पिछले कई सालों से बहुत तंग कर रखा है,
युवा भी भूल गए हैं कि वे सूर्यवंशी हैं
दो युवा भी जब मिलते हैं
तो नाव की तरह बहते हैं वे अलौकिक होंंठों पर
उस दिन एक ने होंठों की नदी में जल समाधि ले ली
उसके ही उद्धार के लिए सूरज शायद डूब गया है क्या?
सूरज के खो जाने के दुख में पेड़ की फुनगी झुक गई
पत्ते मुरझा गए, फूलों की हालत क्या बताएँँ।
धूप के दीवाने कठफोड़वा पक्षी ने एक दिन सूरज समझकर
सुंदरी के होंठों पर दे मारी ठोकर
और लिपस्टिक के दाम तेजी से बढ़ गए।
चींटी की तरह एक दिन दबे पाँँव अमावस की रात
जागकर आदिम प्रवृत्ति ने
सुंदरी के होंठों की लिपस्टिक पर जीभ फिराई
सौभाग्य वश वह था दर्पण में सुंदरी का प्रतिबिंबित चेहरा
रात को ज्यादा देर नहीं लगी यह भूल समझने में
और लाज से चेहरा इतना लाल हो गया कि
बहत्तर घंटे बीत गए, शायद उससे भी ज्यादा,
बासी अँँधेरे को वैक्यूम क्लीनर से साफ कर
सिंदूरी आकाश में उदय के लिए बाध्य हुआ सूरज।
पुनश्च :
चॉकलेट से भी ज्यादा लिपस्टिक को चाटने में आनंदित
भोली-भाली सुंदरियों में से किसी नीतिनिष्ठ ने 
ऊपर की बात को अक्षरशः सत्य मान लिया
जबकि यह थी बहुराष्ट्रीय कंपनियों की प्रतिभाओं का निदर्शन
हमारा विश्वास है
कि पाठक इसे कहानी मानने को तैयार नहीं होंगे।

कवि संपर्क : पटसिया, मकान नं. 25, सती जयमति नगर, बाइलेन 6, मालीगाँव, गुवाहाटी 781011 (असम)
मोबाइल : 094350 41169
ई-मेल : anutul@gmail.com

No comments:

Post a Comment