Thursday, April 16, 2020

मैथिली कविता : री मेरी दुर्दशा

कवि : विभूति आनंद

मैथिली कविता-पाठ

हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

शीत नहाई भोर में
हरसिंगार पेड़ के नीचे
टप-टप गिरती शीत की बूँदों के संग
फूलों की चोट सहना अच्छा लगता था,
अच्छा लगता था हथिया नक्षत्र की
वर्षा की बूँदों की बदमस्ती के साथ
अपने प्रथम प्रेम को
निज भंगिमा के संग सिकुड़ते देखना,
अच्छा लगता था
पगडंडी पर अकेले चलते समय
कभी-कभार उसका पलट कर देखना,
पुनः नजरें मिलते ही उसका लजाना
अच्छा लगता था।

अच्छा लगता था
किसी घर में सोहर, किसी में जँतसार-लगनी
किन्ही आँखों में प्रतीक्षा, किसी कंठ में हँसी।

लेकिन अब तो
सब कुछ भूल गया हूँ
निरर्थक जूझता रहता हूँ पारिवारिक बजट से
फटी जरूरतों पर साटता रहता हूँ पैबंद,
खाली जेब के साथ अपूर्ण मनोरथ को
देता रहता हूँ सांत्वना, और
मन में उठते रोष पर
कसता रहता हूँ लगाम।

झूठ नहीं कहता हूँ,
कहाँ अच्छा लगता है कुछ भी-
न जल की सिहरन, न फूलों की चोट,
न गुदगुदाती हँसी, न अंकुराई मनोरथ,
न भविष्य का आकार,
जरा-सा भी नहीं, धोखे से भी नहीं!
अनचोके भी नहीं...!

री मेरी दुर्दशा,
लेकिन झूठ नहीं बोलूँगा
मेरा यह पागल मन तब भी
फोरलेन सड़क के किनारे की
डिस्ट्रिक्ट बोर्ड वाली पुरानी सड़क की तरह
छोड़ ही नहीं पा रहा एक भी क्षण के लिए
धोखे से, अनचोके ही
जीवनोल्लास की आकुल प्रतीक्षा...।

कवि संपर्क : लक्ष्मीसागर, दरभंगा, बिहार
मोबाइल :  079032 28695
ई-मेल : bibhutianand5@gmail.com

No comments:

Post a Comment