Thursday, April 30, 2020

असमिया कविता : भाषा


कवि : सनंत तांति
हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

भाषा, जो मेरे पिता ने मुझे दी
मैंने अपनी माता के गर्भ में उसे सँजाेया
और जो भाषा मेरी माता से मुझे मिली
मैंने पृथ्वी के गर्भ में उसे संचित किया
इसलिए शरीर-विज्ञानियों ने घोषित किया कि
मेरी तो कोई भाषा ही नहीं।

माननीय भाषा परिषद्,
तथापि, मेरा परिचय एक मनुष्य की तरह दो
मनुष्य से मेरा परिचय मनुष्य के रूप में कराओ
उदाहरण के लिए
सनंत
कुलनाम : तांति 
जाति : मानव
रंग : अश्वेत 
जन्मस्थान : पृथ्वी
ताकि मेरी माता और पिता यह समझ सकें कि
मैं केवल उनकी ही संतान नहीं।
क्योंकि मेरे पिता का कोई अपना नाम नहीं
और मेरी माता का भी अपना कोई नाम नहीं।
मेरे पिता का नाम है-पृथ्वी, मेरी माता का नाम है-पृथ्वी 
और मेरा नाम है-सनंत।
चाय बागान का एक अश्वेत पुत्र-सनंत।

माननीय भाषा परिषद्,
मेरा परिचय एक मनुष्य के रूप में कराओ।
उदाहरण के लिए, सनंत तांति
निवास : सौजन्य, रुचिबोध और स्वाधीनता के भीतर 
चरित्र : मनुष्य
आकांक्षा : पूंजीवाद से समाजवाद की स्थापना के लिए
जाग उठे हवा,
हवा मनुष्य के भीतर, हवा मनुष्य के हृदय में।

भाषा, जो मेरे पिता ने मुझे दी
मैंने अपनी माता के गर्भ में उसे सँजोया 
और जो भाषा मेरी माता से मुझे मिली
मैंने पृथ्वी के गर्भ में उसे संचित किया।
इसलिए, मेरी भाषा के लिए भाषा-वैज्ञानिकों ने
आपातकालीन बैठक बुलाकर प्रतिवाद किया
इसलिए शरीर-विज्ञानियों ने घोषित किया कि
मेरी तो कोई भाषा ही नहीं।

माननीय भाषा परिषद्,
तथापि, मेरा परिचय एक मनुष्य की तरह दो
मनुष्य से मेरा परिचय एक मनुष्य के रूप में कराओ।

कवि संपर्क : मकान संख्या 9, हेम बरुआ पथ, बायलेन 2, मथुरा नगर, गुवाहाटी 781006, असम, मोबाइल : 09577311056, 
ई-मेल : tantysananta@gmail.com

No comments:

Post a Comment