Thursday, July 11, 2019

मणिपुरी कविता : एक दिन



कवयित्री : मेमचौबी 
बांग्ला से हिंदी अनुवाद : देवेंद्र कुमार देवेश

कभी किसी दिन
मेरी आँखों से आँखें मिलाई थीं
एक अंधे पुरुष ने।
उसकी शून्य काली आँखों के गह्वर में
झाँकते हुए मैं खोज रही थी उसके भीतर
क्षुद्रता, विशालता, उच्च-निम्न भाव,
सौंदर्य, कदर्यता, क्रूरता, प्रेम, उपहास, समर्पण...
और कुछ नही ंतो अंततः अहंकार!
कहाँ है, कहाँ है!
कुछ भी खोज नहीं पाई
इस बार किसी भी तरह!

खोजती हूँ फिर से मैं, गहनता से खोजती हूँ
प्रकाश को घेरे हुए अंधकार को
चंद्र, सूर्य, नक्षत्रों का प्रकाश
समस्त ब्रह्मांड को ढँक कर रखे हुए अंधकार को।

प्रकाश और अंधकार अलग हुए नहीं,
पृथ्वी के सृजन से पूर्व!
समस्त शक्तियाँ छिपी हुई हैं अंधकार के भीतर
गहन अंधकार के गह्वर में...

एक दिन
मेरे साथ मिली थीं आँखें
एक अंधे पुरुष की।

कवयित्री संपर्क : 
ई-मेल : memchoubi@gmail.com

2 comments:

  1. अद्भुत उच्चस्तरीय काव्य का सारगर्भित अनुवाद,आप दोनों को बहुतो बधाई ।

    ReplyDelete